आजमगढ़ दौरे पर आए महाराष्ट्र सपा के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज लोगों को जान बचाने के लिए अपनी पहचान छिपानी पड़ रही है। रोजाना किसी न किसी बहाने से हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ने का काम किया जा रहा है। हिंदू समाज भी इस गलतफहमी का शिकार हो रहा है। कोविड संक्रमण के समय प्रदेश सरकार जनता को न तो इलाज दे पाई और न ही एम्बुलेंस। नदियों में लोगों की लाशें बह रही थी। श्मशान में लकड़ी तक खत्म हो गई थी। प्रदेश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान है। ऐसे में प्रदेश की जनता सपा की तरफ आशा भरी नजरों से देख रही है।
भाजपा की खिसक रही जमीन
अबू आजमी ने कहा कि भाजपा की जमीन खिसक रही है। यही कारण है कि भाजपा ने कृषि कानून वापस ले लिया। 11 माह किसानों ने धरना दिया और 700 किसान शहीद हुए। अब चुनाव आ गया है और भाजपा को इसका अंदाजा लग गया है। सत्ता में आने से पहले भाजपा ने जनता से बहुत वादे किए थे पर एक भी वादे पूरा नहीं किया। भाजपा को झूठी पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा जनता से झूठे वादे करती है। यही कारण है कि जनता बदलाव चाहती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.