आजमगढ़ जिले के बाढ़ प्रभावित देवारा में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। सगड़ी तहसील के बेलहिया ढ़ाला के पास स्कूली बच्चों से भरी नाव अचानक पलट गई। इस नाव पर सवार 12 बच्चे डूबने लगे। नाव पर सवार लोगों ने तत्काल घाघरा में छलांग लगा दी। और सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। नाव पर लदी बाइक व नाव घाघरा में डूब गई जिसे काफी मशक्कत के बाद निकाल लिया गया। नाव में सवार सभी बच्चे माधवपुरा, झंझनपुर, झगरहवा, गलसदिया, अजगरा मगरवी के बताए गए।
ओवरलोड के कारण पलटी नाव
स्थानीय लोगों ने बताया कि नाव पर बच्चों के साथ बाइक भी लदी थी। इसी कारण नाव ओवरलोड होकर पलट गई। नाव पर सवार बाड़ यादव, रामशरण यादव व अंगद यादव ने घाघरा में डूबकर सभी बच्चों को बचाकर साहसिक काम किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां से प्रतिदिन नाव से सैकड़ों बच्चे महुला गढ़वल बांध के दक्षिण पढ़ने के लिए जाते हैं। घाघरा नदी के जलस्तर में कमी दर्ज की गई है लेकिन इसके साथ ही कटान में तेजी आई है। दो दिन से बढ़ रहे जलस्तर में रविवार को कमी आई। दोनों गेजों पर नदी का जलस्तर खतरा बिंदु से नीचे है। गांगेपुर श्मशान घाट के पास कटान होने लगी है। घाघरा का जलस्तर घटने के साथ ही नदी के तटवर्ती क्षेत्रों के गांवों के पास कटान हो रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.