प्रधानमंत्री आवास के लिए चली गोली, एक की मौत:किसे मिलेगा, किसको नहीं...को लेकर भिड़े पूर्व प्रधान और प्रधान प्रतिनिधि, दो की हालत गंभीर

आजमगढ़4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
एसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। - Dainik Bhaskar
एसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

आजमगढ़ में आवास आवंटन की बैठक में मारपीट के बाद फायरिंग हो गई। गोलीबारी में एक की मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मामले की जानकारी पर एसपी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हैं। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मामला मेंहनाजपुर थानाक्षेत्र का है। ग्राम पंचायत दक्षिणपुरा में मंगलवार करीब 12 बजे आवास आवंटन को लेकर बैठक चल रही थी। इसमें पूर्व प्रधान शिवशंकर सिंह उर्फ भूरे सिंह और प्रधान के प्रतिनिधि भीम सिंह भी मौजूद थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री आवास आवंटन को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।

मेंहनाजपुर में फायरिंग के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अनुराग आर्य पुलिस टीम के साथ।
मेंहनाजपुर में फायरिंग के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी अनुराग आर्य पुलिस टीम के साथ।

पूर्व प्रधान और प्रधान प्रतिनिधि में हुआ झगड़ा
पूर्व प्रधान ने कहा, ''जो सूची पहले गई है, उसके आधार पर पात्रों का चयन किया जाए।'' जबकि प्रधान प्रतिनिधि नई सूची के अनुसार लाभार्थियों का चयन करने को कहा। देखते ही देखते दोनों पक्षों हाथापाई होने लगी। कुछ ही देर में मारपीट के बीच एक पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।

दो के पैर में लगी गोली
फायरिंग में दीपक उर्फ भीम सिंह (33), मुन्ना सिंह (37) और हिमांशु सिंह उर्फ बिट्‌टू (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान हिमांशु की मौत हो गई। मुन्ना सिंह और भीम सिंह के पैर में गोली लगी है।

आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीमें बनीं
एसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि शिवशंकर सिंह की तरफ से फायरिंग की गई है। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई है, जो दबिश दे रही हैं। पीड़ितों से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।