आजमगढ़ जिले में ईद की तैयारियों में जिला प्रशासन लगा हुआ है। जिले में कल ईद के अवसर पर 571 मस्जिदों व ईदगाहों पर ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। जिले के एसपी अनुराग आर्य का कहना है कि ईद की नमाज को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसपी अनुराग ने बताया कि जनपद में 571 स्थानों पर ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। जिसमें से 297 ईदगाह व 274 मस्जिदें हैं। 132 जगहों को संवेदनशील स्थल के रुप में चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर पुलिस के जवानों को सिविल ड्रेस में भी लगाया गया है। ईद को लेकर एक कंपनी आरएएफ, दो कंपनी पीएसी के अतिरिक्त 200 रिक्रूट व 3000 पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। इसके साथ ही सभी थानों में तैनात सब इंस्पेक्टर को भी जिम्मेदारी दी गई है। एसपी ने बताया कि ईद की नमाज ईदगाह और मस्जिदों पर ही पढ़ी जाएगी।
DIG व SP ने की फुट पेट्रोलिंग
आजमगढ़ मंडल के DIG अखिलेश कुमार व जिले के SP अनुराग आर्य ने जवानों के साथ फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को जांचा परखा। कल होने वाली नमाज को लेकर जिले के कई मस्जिद व ईदगाह का दौरा कर अधिकारियों व पुलिस के जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जिले के बदरका के बड़े ईदगाह का निरीक्षण किया गया। बदरका के ईदगाह पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग ईद के दिन जुटते हैं और ईद की नमाज पढ़ते हैं। ऐसे में जिले में त्योहार को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त दुरूस्त रखी गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.