सपा के पूर्व सांसद ने भाजपा पर साधा निशाना:कहा- बिना किसी न्यायिक प्रक्रिया का पालन किए बुलडोजर चलाया जा रहा है

आजमगढ़3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
आजमगढ़ जिले के दौरे पर पहुंचे सपा के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने पूर्व मंत्री बलराम यादव के घर पर व्यक्त की शोक संवेदना, भाजपा पर जमकर बरसे धर्मेन्द्र यादव। - Dainik Bhaskar
आजमगढ़ जिले के दौरे पर पहुंचे सपा के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने पूर्व मंत्री बलराम यादव के घर पर व्यक्त की शोक संवेदना, भाजपा पर जमकर बरसे धर्मेन्द्र यादव।

आजमगढ़ में सपा के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ने सोमवार को भाजपा पर निशाना साधा। धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा के कितने माफियाओं के घरों पर बुलडोजर चला है, इसका जवाब दें। आज बिना किसी न्यायिक प्रक्रिया का पालन किए बुलडोजर चलाया जा रहा है। एक जाति वर्ग के लोगों को टारगेट किया जा रहा है। आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि सपा अपनी ताकत की बुनियाद पर भाजपा को हटाने का काम करेगी। आजमगढ़ पहले से ही सपा को ताकत देने का काम करता है। यहां के लोगों ने हमेशा सपा को मौका दिया है। मान सम्मान दिया है।

जनता का आशीर्वाद लेकर पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी
धर्मेंद्र ने कहा कि दिल्ली का रास्ता पूर्वांचल से ही होकर गुजरता है। आने वाले चुनाव में आजमगढ़ के लोग सपा को ताकत देंगे। आज देश प्रदेश के सामने बहुत सारी चुनौतियां है। अखिलेश यादव लगातार इस पर विचार कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी बेरोजगारी महंगाई, किसानों और गरीबों की समस्या के प्रति न केवल गंभीर है, बल्कि हर स्तर की लड़ाई लड़ने की तैयारी कर रही है। जनता का आशीर्वाद लेकर पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

बलराम यादव की पत्नी का निधन पर व्यक्त की शोक संवेदना
दरसअल, हाल ही में सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव की पत्नी का निधन हुआ है। सोमवार को सपा नेता धर्मेन्द्र यादव उनके आवास सेनपुर में शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। वह बलराम यादव की पत्नी के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस परिवार से नेताजी का बहुत पुराना लगाव रहा है। आज हम अपने परिवार के बीच आए हैं।