भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखीमपुर खीरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उनका कहना है कि सीएम योगी इस घटना को लेकर काफी गंभीर हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने रविवार देर रात आजमगढ़ जिले में बूथ संपर्क अभियान के दौरान यह बात कही।
योगी आदित्यनाथ पर विश्वास रखें
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री काफी गंभीर हैं। अधिकारियों की टीम गठित कर दी है। सभी को शांति बनाए रखने की जरूरत है। विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा लखीमपुर जाने के सवाल पर स्वतंत्र देव सिंह का कहना है कि इस घटना को राजनीतिक तूल देने की जरूरत नहीं है। सरकार अपना काम कर रही है। पूरे राज्य को योगी आदित्यनाथ पर विश्वास करना चाहिए।
गरीब-कल्याण के लिए काम कर रही भाजपास्वतंत्र देव सिंह का कहना है कि भाजपा गरीब, कल्याण, राष्ट्र व समाज के कल्याण का कार्य कर रही है। आजमगढ़ जिले के बूथ प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यहां पर अच्छा काम हो रहा है। बूथ संपर्क अभियान को लगातार चलाए जाने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी जैसा नेतृत्व कभी-कभी मिलता है, जो देश व प्रदेश के विकास को लेकर गंभीर रहते हैं।
सपा के गढ़ में भाजपा की पाठशाला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा के गढ़ में भाजपा के पदाधिकारियों को बूथ प्रबंधन व आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की। 10 विधानसभा सीटों वाले इस जिले में सपा के 5 विधायक हैं, जबकि बसपा के 4 व भाजपा के पास सिर्फ एक विधायक है। ऐसे में आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा यहां अधिक सीटें जीतना चाहती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.