बदायूं में सक्रिय भैंस लुटेरा गिरोह ने रविवार रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में वारदात को अंजाम दे डाला। आठ सदस्यीय इस गिरोह के पास तमंचे देख गांव वाले भी सहम गए। वहीं वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल कायम है। खासकर पशु पालकों की नींद उड़ चुकी है। वहीं पुलिस ने घटनाक्रम रिकार्ड में दर्ज करने से भी गुरेज रखा है।
वारदात सनाय गांव में हुई। यहां रहने वाला इशहाक खेती किसानी के अलावा दुधारू पशु पालता है। इन पशुओं का दूध बेचकर परिवार का रोजमर्रा का खर्चा निकल आता है। इधर, रविवार आधी रात को पिकअप वाहन लेकर कुछ लोग गांव में दाखिल हुए और इशहाक की पशुशाला में बंधी भैंस खोल ली।
आहट पाकर जागा पशु मालिक
पशुशाला में बदमाश घुसे तो पशु भी हड़बड़ा गए। इसी की आहट पाकर इशहाक समेत परिजन बाहर आए तो देखा कि बदमाश भैंस खोल रहे हैं। शोर मचाया तो आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। जबकि बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए। यह देख कुछ देर के लिए लोग सहम गए। इसी का फायदा उठाकर बदमाश भाग निकले।
लगातार हो रहीं वारदातें
जिले में भैंस ले जाने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उघैती, बिल्सी समेत कई थाना क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। जबकि सिविल लाइंस इलाका ऐसी वारदातों के लिए बदनाम हो चुका है। इधर, एसएचओ सिविल लाइंस सीपी शुक्ला ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच कराई जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.