बागपत में पुलिस ने एक शव को जलती चिता से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक युवती की सात महीने पहले शादी हुई थी। उसके पति समेत उसके ससुराल वाले दहेज के लिए उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। बुधवार को उन लोगों ने उसकी हत्या कर दी, जैसा कि आरोप है। फिर वे शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। मामले की सूचना उसके मायके वालों को मिल गई। जिसके बाद उन लोगों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अधजली लाश को कब्जे में लिया। तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। बाद में पिता ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिशें दे रही है।
बाइक की मांग मायके वाले नहीं कर पाए पूरी
जिले के टीकरी कस्बा निवासी सोनू की शादी सात महीने पहले गांगरौल थाना चोला बुलंदशहर निवासी नीलम के साथ हुई थी। मृतका के पिता के मुताबिक लड़के वाले दहेज में बाइक की मांग कर रहे थे, जिसे लड़की वाले पूरा नहीं कर पा रहे थे। तभी से घरवाले नीलम को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
पुलिस को देखकर भाग निकले ससुराल वाले
उन लोगों ने नीलम को मार डाला और फिर अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट में ले गए। मायके वालों को कहीं से मामले की सूचना मिल गई, तो उन लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को खबर दी। पुलिस सोनू के गांव पहुंची तो पता चला की वह लोग श्मशान गए हैं। पुलिस वहां गई तो मौके से आरोपी भाग निकले।
मृतका के पिता कृष्ण ने गुरूवार को मृतका के पति, सास व दो देवर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.