नवरात्रि के पहले दिन प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मां के मदिर में दर्शन किए। बहराइच जाते वक्त प्रियंका लखनऊ के मरी माता मंदिर में रुकीं। वहां उन्होंने फूल और चुनरी खरीदकर मां की पूजा की। इसके बाद मंदिर में पूजा कर रहीं महिलाओं से बात की। उन्होंने महिलाओं से टीका लगवाया। मंदिर में मन्नत की घंटी भी बांधी। प्रियंका ने पुजारी से मंदिर की पौराणिक मान्यता के बारे में भी जानकारी ली। प्रियंका गांधी शाम करीब 5:30 बजे बहराइच में गुरुविंदर के घर पहुंचीं। यहां पर उन्होंने गुरुविंदर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और हादसे की जानकारी ली। इसके बाद दूसरे मृतक किसान के परिवार से भी मुलाकात की।
प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर कोई सत्ता में है, कोई मंत्री है, कोई भाजपा का नेता है तो वह कुछ भी कर सकता है। मोदी जी से कहना चाहती हूं कि आप जो यह संदेश दे रहे हैं, इससे जनता डर रही है। मैं आपसे मांग करती हूं कि मंत्री को बर्खास्त करिए और अपराधियों को जेल भेजिए। कश्यप का परिवार हो चाहें, गुरुविंदर का परिवार हो। सभी तानाशाही का शिकार हुए हैं। प्रियंका गांधी करीब 40 मिनट बाद यहां से मृतक किसान दलजीत के घर के लिए रवाना हो गईं।
हालांकि, प्रशासन ने बहराइच जाते समय घाघरा घाट के पास प्रियंका का काफिला रोक दिया। सिर्फ प्रियंका गांधी की गाड़ी को बहराइच जाने की प्रशासन ने अनुमति दी। इसे लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ता बिफर गए। घाघरा घाट पर सड़क पर ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया।
किसान के घर के बाहर भीड़
मृतक किसान दलजीत के घर के बाहर सुबह से ही प्रियंका के आने की सूचना पर पुलिस बल तैनात है। घर पर अभी शांति का माहौल है। कुछ रिश्तेदार घर के बाहर कुर्सियों पर बैठकर नेताओं के आने जाने को लेकर चर्चा कर रहे हैं, तो वहीं घर के आंगन में मृतक किसान का बेटा राजदीप अपने संगी साथी बच्चों के साथ बातचीत कर रहा है। किसानों के परिजनों से मिलने पूर्व सीएम अखिलेश यादव भी आ रहे हैं। उनके लिए गांव के बाहर हेलीपैड तैयार किया रहा है।
आंगन में बैठेंगी प्रियंका
घर की महिलाएं सुबह के कामकाज से फुरसत पाकर कमरों में बैठी हैं। परिजनों के रिश्तेदारों ने बताया कि प्रियंका गांधी के आने की सूचना तो मिली है, लेकिन वह कब तक आएंगी यह नहीं पता है। उन्हें यह भी नहीं पता है कि वह लखनऊ से आ रही हैं या लखीमपुर से। बहरहाल, परिजनों के मुताबिक प्रियंका से परिवार की मुलाकात घर के आंगन में लगे टेंट के नीचे ही होगी। परिजनों का कहना है कि हम बस न्याय के लिए मांग करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.