नगर पालिका परिषद द्वारा प्लास्टिक मुक्त शहर अभियान के अंतर्गत महा शपथ समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक अनुपमा जायसवाल रहीं। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद दुर्गेश्वर त्रिपाठी जी ने किया।
मुख्यातिथि सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि हमें सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्णतः बहिष्कार करना होगा एवं अन्य लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि आज प्लास्टिक के उपयोग से हमारे चारों ओर का वातावरण दूषित हो रहा है। बरसात के दिनों में इन्हीं प्लास्टिक पदार्थों से हमारे आस-पास की नालियां एवं नाले जब चोक हो जाते हैं तो यह शहर में जल भराव एक मुख्य कारण के रूप में भी उभर कर सामने आता है।
मुख्यातिथि ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि इन दूषित पदार्थों से न केवल हमारा वातावरण ही प्रभावित होता है अपितु हमारे स्वास्थ्य पर भी इसका प्रभाव पूर्ण रूप से पड़ता है। अतः हमें केवल शपथ ही नहीं बल्कि यह संकल्प लेकर यहां से जाना होगा कि आज से हम स्वयं तो प्लास्टिक का बहिष्कार करेंगे। साथ ही अपने आसपास में लोगों को जागरूक करते हुए इस अभियान को सफल बनाएंगे।
अधिशासी अधिकारी दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने लोगों से आग्रह किया कि यह अभियान तभी सफल होगा जब हम अपने घरों से बाजार निकलते समय कपड़े का झोला लेकर चलने की आदत अपनी दिनचर्या में लाएंगे। तत्पश्चात सदर विधायक द्वारा नगर पालिका के प्रयास से घंटाघर में हो रहे सौंदर्यीकरण का निरीक्षण कर गुदड़ी तक प्लास्टिक मुक्त सफाई अभियान भी चलाया गया।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष विपिन यज्ञसैनी, हरी गुप्ता, सभासद भोलानाथ यज्ञसैनी, वैभव जैन, संजय जायसवाल,नगर महामंत्री अजय जायसवाल, विक्रमादित्य, सिद्धार्थ सिंह, अजीत प्रताप सिंह, के के सक्सेना सहित नगर पालिका के सफाई नायक व सफाई कर्मी व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.