पयागपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक किशोर सरयू नहर में डूब गया। वह नहर किनारे शौच करने के लिए गया था। गोताखोरों ने उसे ढूंढने के लिए काफी मशक्कत की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। कुछ देर बाद उसका शव उतराते हुए नहर के किनारे आ गया। बेटे के मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया
पिता पुत्तू रावत ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा शिवम शनिवार सुबह घर से शौच के लिए निकला था। उनके मुताबिक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। पानी में डूबते देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। जब तक लोग उसे निकालने का कोई उपाय करते तब तक किशोर पानी में डूबकर लापता हो गया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
गोताखोर नहीं ढूंढ पाए, कुछ देर बाद नहर किनारे उतराने लगा शव
मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर की खोजबीन के लिए गोताखोरों को बुलाया। उन्होंने शिवम को ढूढ़ने के लिए काफी मशक्कत की। लेकिन, उसका कोई सुराग नही मिला। कुछ देर बाद उसका शव नहर के किनारे उतराता हुआ दिखा। मौके पर मौजूद परिजन ने उसकी पहचान की।
परिवार में इकलौता बेटा था
किशोर के पिता पुत्तू रावत ने बताया कि उनकी दो पुत्रियों के बाद एक ही बेटा हुआ था। अब वह भी नहीं रहा। परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है। पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।
ओडीएफ घोषित होने के बाद भी खुले में शौच को जाते हैं लोग
पयागपुर क्षेत्र को खुले में शौचमुक्त यानी ओडीएफ घोषित किया जा चुका है। यहां के सभी घरों में शौचालय का निर्माण भी कराया जा चुका है। इसके बावजूद लोग खुले में शौच करने जाते है। इस बारे में जिला पंचायत राज अधिकारी उमाकांत पांडेय ने बताया कि खुले में शौच न करने के लिए लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.