बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सेना के जवान का शव नहर में पड़ा मिला। जवान दिवाली की छुट्टी में घर आया था। जम्मू-कश्मीर में उसकी तैनाती थी। घटना के बाद से मृतक जवान के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि जवान शुक्रवार शाम बाइक से सिकंदरपुर आया था, लेकिन घर नहीं लौटा।
दिवाली पर आया था घर
जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के टोला गांव निवासी सुनील कुमार यादव (40) सेना में जवान है। इस इस सुनील की तैनाती जम्मू-कश्मीर में है। वह दिवाली और छठ पर्व मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। शुक्रवार शाम को सुनील बाइक से सिकंदरपुर आया, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। दूसरे दिन शनिवार सुबह कुछ लोगों ने नहर में सुनील का शव और बाइक देखा तो परिवार वालों को सूचना दी।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
नहर में सेना के जवान का शव मिलने की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जानकारी होने पर सीओ राजेश कुमार मिश्रा और थाना प्रभारी राजेश कुमार यादव फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने सुनील के शव को नहर से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल में जुटी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.