बलिया जिले के बांसडीह थाना क्षेत्र में रविवार शाम करंट की चपेट में आने से एयरफोर्स के जवान विवेक कुमार गुप्ता की मौत हो गई। घटना से परिवार से कोहराम मच गया। विवेक दिल्ली में भर्ती पिता के डॉक्यूमेंट लेने घर आए थे। घर का इनवर्टर चालू करते समय वह करंट की चपेट में आ गए।
जानकारी के मुताबिक, बांसडीह कस्बे के वार्ड नंबर-9 निवासी विवेक कुमार गुप्ता पुत्र विनोद कुमार गुप्ता करीब दो साल पहले एयरफोर्स में भर्ती हुए थे। मां-बाप के इकलौते बेटे व दो बहनों के भाई विवेक जैसलमेर के रामगढ़ एयरवेज पर तैनात थे।
रविवार शाम पहुंचा था घर
विवेक के पिता दिल्ली स्थित कमांड हॉस्पिटल में भर्ती थे। पति के साथ विवेक की मां भी दिल्ली में ही थीं, जबकि दोनों बहनें बुलंदशहर में पढ़ाई करती हैं। विवेक बीमार पिता को देखने के लिए जैसलमेर से दिल्ली गए थे। अचानक किसी डॉक्यूमेंट का काम पड़ गया, जिसे लेने के लिए रविवार की शाम विवेक बांसडीह स्थित घर पहुंचे और इनवर्टर चालू करते समय करंट की जद में आ गए।
जैसलमेर में थी जवान की पोस्टिंग
आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को जिला अस्तपाल रेफर कर दिया, लेकिन विवेक को बचाया नहीं जा सका। विवेक दो बहनों से बड़े थे। पढ़ने में प्रारम्भ से ही मेधावी थे। उनकी प्राथमिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर बांसडीह और आगे की शिक्षा नागा जी कॉलेज बलिया से संपंन्न हुई. जनवरी 2020 में उनका एयरफोर्स में चयन हुआ. पहली पोस्टिंग रामगढ़ जैसलमेर में थी. विवेक की मौत से क्षेत्र से शोक की लहर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.