बलिया के माल्देपुर में पिड़िया विसर्जित करने गयी दो किशोरियां गंगा नदी में डूबने लगी। डूबती किशोरियों को घाट पर मौजूद लोगों ने नदी से निकालकर आनन-फानन में जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के पश्चात स्थिति नाजुक होने पर उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। दोनों किशोरियों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
सरयां गांव निवासिनी चांदनी सिंह 17 वर्ष पुत्री राजू सिंह तथा सरगम सिंह 16 वर्ष पुत्री उमेश सिंह गांव की अन्य लड़कियों के साथ पिड़िया विसर्जित करने माल्देपुर गंगा तट पर गई हुई थी। पिड़िया विसर्जन के क्रम में दोनों किशोरियां गंगा में डूबने लगी। बताया जाता है कि पहले एक किशोरी डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी भी डूबने लगी। घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों को नदी से निकाल तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति गम्भीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।
गंगा घाट पर नहीं थी कोई व्यवस्था
स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा घाट पर जिला प्रशासन के द्वारा किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा घाट पर प्रशासनिक व्यवस्था होनी चाहिए थी। लेकिन घाट पर गहरे पानी के संकेत आदि के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गयी थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.