बलरामपुर में आज प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ‘सामाजिक परिवर्तन यात्रा’ का रथ लेकर पहुंचे। जिले की सीमा सहित कई स्थानों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शिवपाल यादव ने मीडिया से मुखातिब होते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हम समाजवादी पार्टी से गठबंधन के लिए तैयार हैं। यहां तक कि हम पार्टी के विलय को भी तैयार हैं। हमारा उद्देश्य केवल भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाना है। उसके लिए हम कुछ भी करने को तैयार हैं। वह किसी भी तरह का त्याग कर सकते हैं।
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
बता दें कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी प्रदेश में कई वर्षों से अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव आज बलरामपुर जिले के दौरे पर पहुंचे। यहां जनपद की सीमा में बहादुरपुर के पास उनका प्रसपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सड़क मार्ग से नगर भ्रमण कर भगवतीगंज चौराहे पर शिवपाल यादव का काफिला पहुंचा, जहां पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
हमारे कार्यकर्ताओं को मिलना चाहिए सम्मान
मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि हम गठबंधन के पक्ष में हैं और गठबंधन चाहते हैं। हमारा उद्देश्य केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाना है। इसके लिए हमें जो भी करना होगा, वह हम करेंगे। इसीलिए हमने अपनी पार्टी का समाजवादी पार्टी में विलय का प्रस्ताव भी रख दिया है। उन्होंने कहा कि हमारी कोई शर्त नहीं है। बस सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हमारे लोगों को सम्मान करते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश की सीटों से टिकट दे दें, जो हमारे जिताऊ उम्मीदवार हैं। इसके अतिरिक्त मुझे और कुछ भी नहीं चाहिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.