बबेरू में मंगलवार रात पेशाब करने के लिए उठे व्यक्ति की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह छत पर सो रहा था। नींद में होने के कारण हादसे का शिकार हो गया। एचटी लाइन छत के करीब से होकर गुजर रही है।
11,000 वोल्ट की एचटी लाइन की चपेट में आया
बिसंडा थाना क्षेत्र के मिलाथू गांव के अश्वनी कुमार पुत्र श्री केशन मंगलवार को गांव के ही कृष्ण कुमार के अतर्रा रोड पर बने प्लाट पर गया था। रात में खाना खाने के बाद छत पर सभी सोने चले गए। रात लगभग 11:00 बजे अश्विनी पेशाब करने के लिए उठा, तभी छत के ऊपर से निकली 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट पर आकर गंभीर रूप से झुलस गया। छत पर कृष्ण कुमार भी लेटा हुआ था, जैसे ही उसने देखा पुलिस और एंबुलेंस को बुलाया। परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस अश्विनी को लेकर बबेरू सीएचसी पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दो बीघा जमीन पर करता था खेती, चार बच्चों का था पिता
मृतक के बड़े भाई माफतलाल ने बताया कि हम पांच भाई हैं। जिसमें अश्विनी सबसे छोटा था। किसानी और मजदूरी करता था। मृतक के हिस्से में दो बीघे जमीन थी। उसके दो पुत्र और दो पुत्री हैं। उसकी मौत से पत्नी सरोज कुमारी बेसुध है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.