बांदा में आज बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 3 विधानसभा क्षेत्रों से बसपा के प्रत्याशी घोषित किए। नरैनी से गयाचरण दिनकर, बांदा सदर से धीरज राजपूत और बबेरू से रामसेवक शुक्ला को उन्होंने प्रत्याशी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा और सपा दोनों ही कमजोर महसूस कर रही हैं। इसीलिए अभी तक एक भी प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाए। उनकी सिर्फ बैठकें चल रही हैं।
अतर्रा के हिंदू इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में सतीश चंद्र मिश्रा ने भाजपा और सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में बसपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि अमन त्रिपाठी हत्याकांड को लेकर अभी तक सरकार का रवैया साफ नहीं हुआ है। न्याय के लिए परिजन सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, लेकिन उसका भी कोई रिजल्ट नहीं निकला।
भाजपा विज्ञापन वाली सरकार है
भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि यह विज्ञापन वाली सरकार है। विज्ञापन में 300 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। हर जगह इनकी फोटो दिखाई दे रही है। अगर यही पैसा गरीबों और अस्पताल में लगा दिया होता तो कोरोना में इतने लोगों की जान नहीं जाती। इतने लोग मरे हैं कि लोगों को दफनाने की जगह नहीं मिली है। गंगा में लाश डालने का काम किया गया है। यह सरकार झूठ बोलने में नंबर वन है। इस सरकार में न तो किसान, न व्यापारी और न ही महिलाएं सुरक्षित हैं।
बहन जी सर्वजन हिताय का काम करती हैं
सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि किसानों ने विरोध किया तो उनको कुचल दिया गया। किसानों की शहादत को हम नमन करते हैं। रोजगार में यह सरकार फेल रही है। 2003 में सपा की सरकार भाजपा ने बनवाई थी। सर्वोच्च न्यायालय ने मायावती की सरकार बनवाई। बहन जी सर्वजन हिताय का काम करती हैं। वहीं सपा की सरकार आते ही दंगा और लूट अपराध चरम पर हो जाता है। सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा कि भाजपा का जाने का समय आ गया है। भाजपा और सपा दोनों ही कमजोर महसूस कर रही हैं। इसीलिए अभी तक एक भी प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाए। सिर्फ बैठकें चल रही हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.