बाराबंकी के जहांगीराबाद और घुंघटेर थाना क्षेत्रों में बुधवार की रात चोरों ने तीन घरों को अपना निशाना बनाया। चोरों ने घरों से नगदी और जेवर समेत करीब तेरह लाख रुपए का सामान पार कर दिया। गुरुवार की सुबह घर वालों को चोरी की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पीड़ितों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
रिश्तेदार के घर समारोह में गए थे
त्रिलोकपुर संवाद के अनुसार थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के हाजीहार गांव निवासी राजकुमार और अजय कुमार दोनों सगे भाई हैं और अलग-अलग घरों में रहते हैं। दोनों भाई परिवार के साथ बुधवार को दारापुर गांव में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के यहां समारोह में गए थे। पूरा परिवार रात में घर लौटा और सो गया। गुरुवार भोर में चोरों ने इनके घर के पीछे की दीवार में नकब लगा दी और अंदर घुस गए।
बक्से और अलमारियों के ताले टूटे मिले
सुबह गांव के ही एक व्यक्ति ने दीवार में नकद देखकर इसकी सूचना घरवालों को दी। परिजन भागकर कमरे में पहुंचे तो दिखा बक्से और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। कपड़े और सामान इधर-उधर बिखरे हुए थे। बक्से से नगदी जेवर और कमरे से सामान गायब देख कर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। लोगों की भीड़ जुट गई।
चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश
पीड़ित राजकुमार व अजय कुमार ने बताया कि चोर 88 हजार की नगदी समेत करीब 10 लाख का जेवर व सामान ले गए है। पीड़ितों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी। चोरी की घटना से लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस कभी भी गांव में गश्त करने नहीं आती। इस बाबत थानाध्यक्ष दर्शन यादव ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। जांच की जा रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.