किसानों का मूड बदलने के लिए भाजपा जगह-जगह ट्रैक्टर रैली निकाल रही है। भाजपा का मकसद है कि सरकार से नाराज किसानों को यूपी चुनाव से पहले अपने साथ जोड़ा जा सके। आज बाराबंकी में भी किसान जागरूकता ट्रैक्टर रैली निकाली गई। शहर से करीब 100 ट्रैक्टरों को कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
किसानों के सम्मान में निकाली गई रैली
इस दौरान जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि यह रैली किसानों के सम्मान में निकाली गई है। किसान और नौजवान भारतीय जनता पार्टी के हमेशा साथ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी किसान भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और प्रदेश में फिर से योगी आदित्यनाथ की सरकार बनानी है। पूरे देश और उत्तर प्रदेश के किसानों की समस्याओं के समाधान लिए पीएम मोदी ने जो काम किया है, वह अद्भुत है। हमारा किसान खुशहाल हुआ है। हर तरह की व्यवस्था किसानों के लिए सरकार ने की है।
सभी योजनाओं का किसानों को मिल रहा लाभ
उन्होंने कहा कि अभी तक देश में सांसद और विधायक निधि होती थी, लेकिन इस सरकार ने इतिहास में पहली बार किसानों के लिए किसान सम्मान निधि बनाई है। जिसके बाद किसानों को भी लगा है कि उनकी अपनी सरकार बनी है। पीएम मोदी एक बटन दबाते हैं और पूरे भारत के किसानों के खातों में पैसा पहुंच जाता है। चाहे किसान फसल बीमा योजना हो, चाहे वन नेशन वन मार्केट की बात हो, वन नेशन वन राशन कार्ड की बात हो, किसानों तक नीम कोटेड यूरिया खाद पहुंचाने की बात हो और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की बात हो। हर क्षेत्र में मोदी और योगी सरकार ने बेहतरीन काम किया है।
किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि भारत देश कृषि प्रधान देश है। आज तक किसी भी सरकार ने किसानों के हित की बात नहीं की। भाजपा सरकार जबसे देश और प्रदेश में बनी है, लगातार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और उनका सम्मान बढ़ रहा है। चाहे किसान सम्मान निधि हो या फिर कर्ज माफी का वादा पूरा कर भाजपा ने किसानों को मजबूत किया है। किसान सम्मान में ही तीनों कृषि कानून वापस लिए गए हैं। हालांकि यह कानून लागू होता तो किसान की स्थिति कुछ और होती।
आरोपियों पर होगी कार्रवाई
डॉ. महेंद्र सिंह ने यूपी टीईटी पेपर लीक पर कहा कि इस तरह की किसी घटना को करप्शन नहीं कहा जा सकता। सीएम योगी ने यह मामला संज्ञान में लेकर तत्काल आदेश किया है कि सभी दोषियों पर गैंगस्टर लगाया जाएगा। साथ ही एनएसए की कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने अब तक साढ़े चार लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दी है। जो पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दी गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.