बरेली में एक युवक की मुंह में कपड़ा ठूंस कर हत्या कर दी गई। उसका शव आम के बाग में पेड़ से लटका मिला है। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। मौके पर पहुंचे परिजनों ने प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है। युवक का मुस्लिम युवती से अफेयर चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर नैनीताल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों से महिलाओं की झड़प भी हुई। बाद में बहेड़ी के SDM मौके पर पहुंचे और समझाकर लोगों को शांत कर जाम खुलवाया। मामला शीशगढ़ थाना क्षेत्र के जियानगला गांव का है।
पिता बोले- रात 1 बजे वॉट्सऐप पर मिली थी फोटो और वीडियो
जियानगला गांव में रहने वाला 22 साल का सुनील कुमार मजदूरी करता था। उसका गांव में ही रहने वाली एक मुस्लिम युवती से अफेयर चल रहा था। युवती के परिवार वाले इसका विरोध करते थे। सुनील के पिता आशाराम ने बताया, "कल रात करीब एक बजे बेटे के वॉट्सऐप ग्रुप पर एक ऑडियो और फोटो आई थी। इसमें बेटा अपनी जान की भीख मांग रहा था। कह रहा था कि मुझे छोड़ दो। ग्राम प्रधान ने फैसला करा दिया है, तो मुझे क्यों मार रहे हो।"
रात 11 बजे घर से हुआ था गायब
पिता ने बताया, "शुक्रवार रात 11 बजे सुनील को उन्होंने सोते देखा था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया। ऑडियो सुनने के बाद उन्हें अनहोनी की आशंका थी। इसलिए पूरा परिवार उसकी खोजबीन कर रहा था। शनिवार सुबह रामधुन के खेत के पास बाग में बेटे का शव मिला।"
गिरफ्तारी की मांग पर डेढ़ घंटे तक लगाया जाम
युवक के परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया और करीब डेढ़ घंटे तक नैनीताल हाईवे पर बैठे रहे। पुलिस ने उठाने का प्रयास किया, तो झड़प हो गई। सीओ बहेड़ी और SDM ने ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवाया और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। मगर, परिवार के लोग गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की जिद पर अड़े रहे।
तीन महीने पहले हुआ था झगड़ा
मृतक के ताऊ हरिभजन ने बताया, "तीन महीने पहले लड़की के परिजनों से युवक का झगड़ा हुआ था। इसके बाद प्रधान ने पंचायत बुलाकर दोनों पक्षों का फैसला करा दिया था। उसी दिन से दोनों परिवारों के बीच बोलचाल बंद थी। इसके बाद लड़की के परिवार के इसरार अहमद, अबरार अहमद, सरफराज अहमद रंजिश मानने लगे थे।"
6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सुनील के पिता आशाराम ने फजल, यासीन, गुड्डू उर्फ अबरार, इसरार अहमद, अबरार अहमद, सरफराज अहमद निवासी कुतुकपुर के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया, "युवक के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर तथ्य और स्पष्ट होंगे।"
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.