बरेली के सिरौली के बड़ा गांव निवासी आंवला विधानसभा से पांच बार विधायक रहे स्व. श्यामबिहारी सिंह के बेटे रामबिहारी सिंह गोली लगने से घायल हो गए है। गोली उनके कंधे में लगी है, जिसके बाद परिवार के लोगों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना बुधवार रात की है जब वह भागवत कथा के बाद पंडाल में खड़े थे। उसी दौरान किसी ने पंडाल के पीछे से फायरिंग कर दी और गोली उनके कंधे में लग गई। परिजनों ने उन्हें आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है।
फायरिंग के बाद मची भगदड़
रामबिहारी सिंह के बड़े भाई अमर सिंह ने बताया कि उनके परिवार में भागवत कथा के बाद बुधवार रात भंडारे का आयोजन चल रहा था। छोटे भाई रामबिहारी पंडाल में आयोजन देख रहे थे। इसी दौरान किसी शरारती तत्व ने पंडाल के पीछे से फायरिंग कर दी। गोली उनके छोटे भाई के कंधे में लग गई। इसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना के चलते कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। जब लोग पंडाल के पीछे देखने पहुंचे तो वहां से खुराफाती भाग चुके थे।
चुनाव लड़ने की तैयारी लेकिन रंजिश से इन्कार
जानकारी पर पुलिस अस्पताल पहुंची और घटना के बाबत जानकारी ली। हालांकि परिजनों ने किसी भी रंजिश से इन्कार कर दिया। उन्होंने बताया कि रामबिहारी अभी विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि इस घटना का चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। वहीं पुलिस ने सुबह तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं घटना की जानकारी पर काफी संख्या में लोग उन्हें अस्पताल देखने पहुंचे। इसी बीच पुलिस एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं घायल की हालत अब ठीक बताई जा रही है। अस्पताल में ज्यादा लोगों के आने के कारण परिवार ने उन्हें दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया। SSP रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.