नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आजीवन करावास की सजा पा चुके बंदी की बुधवार को जिला जेल के अस्पताल में पंखे पर लटकती लाश मिली। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और आननफानन में कर्मचारी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पर प्रेमनगर निवासी परिजन पहुंचे और शव देखकर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद घटना स्थल पर जांच शुरू कर दी है। वहीं बंदी के शव का पोस्टमार्टम पैनल द्वारा सीसीटीवी की निगरानी में कराया जाएगा।
नाबालिग से दुष्कर्म में 2018 में गया था जेल
बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के भूड़ मुहल्ला निवासी अभिषेक शर्मा (24) पुत्र सूर्य प्रकाश शर्मा इज्जतनगर की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा था। इज्जतनगर पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर उसके खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज कर उसे 13 जनवरी 2018 को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
करीब चार तक जेल में रहने के बाद अभिषेक को 24 सितंबर 2021 को कोर्ट ने आजीवन कारावास के साथ ही 50 हजार के जुर्माने से दंडित किया। जुर्माना नहीं चुकाने पर उसे 6 माह की और सजा भुगतने के आदेश दिए थे। सजा होने के बाद से अभिषेक डिप्रेशन का शिकार चल रहा था। बुधवार सुबह उसकी लाश जिला जेल के अस्पताल में वार्ड के अंदर पंखे से लटकी मिली।
सुबह 9 बजे परिजनों को आया फोन
अभिषेक के पिता सूर्य प्रकाश ने बताया कि सुबह 9 बजे उनके पास फोन आया, कि उनके बेटे ने गमछे के सहारे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो पता चला पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। परिजन पहुंचे तो शव देखकर बिलख पड़े। अभिषेक के पिता ने बताया कि वह एक लड़की से प्रेम करता था।
जिसके चलते उसे जेल जना पड़़ा फिर उसे सजा हो गई। अभिषेक के परिजनों का आरोप है कि साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। वहीं कोतवाली पुलिस की माने तो मामला खुदकुशी का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.