बुलंदशहर में बुधवार सुबह पुलिस और इनामी बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। काफी देर तक हुई फायरिंग में पुलिस की गोली से दोनों इनामी बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों इनामी बदमाशों के पास से अवैध हथियार और लूट की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। एसएसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर दोनों बदमाशों को पकड़ा गया है।
अलीगढ़ और कासगंज के हैं बदमाश
मंगलवार देर रात पुलिस और एसओजी की टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों बदमाशों को स्याना क्षेत्र के थल गांव के जंगलों में घेर लिया। जैसे ही पुलिस ने आरोपी बदमाशों से सरेंडर करने को कहा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से भी जबावी फायरिंग की गई। मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई।
पुलिस की गोली लगने से 20-20 हजार के इनामी राजेश और विकास घायल हो गए। बदमाश राजेश अलीगढ़ और विकास कासगंज का रहने वाला है। मुठभेड़ में घायल होने वाले इनामी बदमाशों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। दोनों बदमाश खुर्जा कोतवाली से लूट व गैंगस्टर एक्ट जैसे मामलों में वांछित थे। इनामियों से तीन पिस्टल, दो तमंचे, 13 जिन्दा और 4 खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद की गई है।
आरोपी भेजे गए जेल: एसएसपी
मामले में एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि दोनों बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। दोनों बदमाशों को पुलिस और एसओजी की टीम ने स्याना क्षेत्र के जंगल में घेर लिया। दोनों इनामी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.