बुलंदशहर में बरसात के बाद गांव शेखुपुर में मकान की छत गिर गई। जिससे मकान में सो रहे युवक की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों और मृतक के पिता को जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
छतारी क्षेत्र के गांव शेखुपुर निवासी पुष्पेंद्र कुमार उर्फ रूबी (20) पुत्र उदय वीर सिंह गुरुवार रात अपने मकान में सो रहा था और उसके पिता घेर में सो रहे थे।देर रात अचानक उसके मकान की छत गिर गई। जिससे वह मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई।
पिता के साथ रहता था
शुक्रवार सुबह जब पुष्पेंद्र घर से बाहर नहीं निकला, तो उसके पिता समेत अन्य ग्रामीण मकान की तरफ पहुंचे। जहां मकान की छत गिरी देखकर सभी के होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्होंने मलबे को हटाया, तो युवक उन्हें मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल में जुटी है। मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी और वह अपने पिता के साथ ही गांव में रहता था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.