बुलंदशहर के प्राइमरी स्कूल में शिक्षामित्र और हेड मास्टर आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर लात-घूंसे और चप्पल चले। करीब 15 से 20 मिनट तक दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीण और अन्य स्टाफ ने वहां पहुंचकर दोनों को अलग किया। स्कूल में बच्चों और महिला शिक्षकों की मौजूदगी में ही टीचर्स के बीच लड़ाई हो गई। पीड़ित शिक्षामित्र ने थाना औरंगाबाद में हेडमास्टर के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कह रही है।
टीचर्स ने एक दूसरे पर बरसाए लात-घूंसे
मामला लखावटी ब्लॉक के खनौंदा गांव का है। बताते हैं प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षा मित्र देवेंद्र शर्मा और हेडमास्टर जितेंद्र सिंह के बीच कुछ दिनों पहले पढ़ाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। दोनों में बोलचाल तक बंद थी। इसी बीच शनिवार को स्कूल में दोनों के बीच फिर बहस हो गई।
विवाद बढ़ा, तो दोनों हाथापाई करने लगे। नौबत यहां तक आ गई, कि दोनों एक दूसरे को चप्पल से पीटने लगे। हंगामे को देखकर क्लास में बैठे बच्चे सहम गए। उन्होंने शोर मचाया तो स्टाफ के लोग पहुंचे। उन्होंने दोनों को अलग कराया।
फरार हो गया आरोपी हेड मास्टर
इसके बाद शिक्षामित्र देवेंद्र शर्मा ने थाना औरंगाबाद में तहरीर दी। उसने बताया कि वह रोजाना की तरह बच्चों को पढ़ा रहा था। उसी दौरान हेड मास्टर जितेंद्र सिंह अपने चार-पांच बाहरी दोस्तों के साथ आए। तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की।
वहीं, हेड मास्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि शिक्षामित्र देवेंद्र शर्मा ने उसके साथ गाली गलौज की। इस कारण विवाद बढ़ गया। इस मामले में एसओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी हेडमास्टर जितेंद्र सिंह फरार हो गया है।
बीएसए बोले- वीडियो की होगी जांच
बीएसए अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूल में टीचर्स के बीच मारपीट का वीडियो सामने आया है। इसकी जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.