बुलंदशहर में मंगलवार देर शाम डकैत इंद्रपाल ताऊ गैंग के सदस्यों और स्वाट टीम में मुठभेड़ हो गई। जिसमें बदमाश राजेश साहरिया और मोनू बड़ौदा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाशों को इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। शिकारपुर कोतवाली क्षेत्र के जहांगीराबाद-शिकारपुर रोड पर मानपुर के जंगलों में बदमाशों और स्वाट टीम के बीच मुठभेड़ हुई।
जिले में दोनों बदमाश अपने साथियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम दे रहे थे। खुर्जा में भी लुटेरों ने बाइक सवार महिला से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। लुटेरों के कब्ज़े से लूट का सामान, एक बाइक, दो तमंचे और कारतूस पुलिस ने बरामद किया है। राजेश साहरिया पर कई संगीन धाराओं में 15 मुकदमें दर्ज है। पुलिस मोनू के आपराधिक इतिहास का पता लगाने में जुटी है।
चार करोड़ की डकैती के बाद सुर्खियों में आया ताऊ
बुलंदशहर, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, दिल्ली समेत पश्चिम यूपी में ताऊ का काफी दबदबा है। ताऊ एक कुख्यात डकैत है। ताऊ सोने की दुकानों और शोरूम में डकैती करने के लिए प्रसिद्ध है। बुलंदशहर में चर्चित एलएम ज्वेलर्स में करीब चार करोड़ की डकैती के बाद ताऊ सुर्खियों में आया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.