चंदौली जिला मुख्यालय पर मंगलवार की शाम को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नोएडा के विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह का जोरदार स्वागत किया। गृह जनपद के लोगों का उल्लास देख पंकज सिंह भी काफी प्रसन्न हुए। उन्होंने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इसके बाद मीडिया से मुखातिब होकर अपने विचारों को साझा किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को दुरूस्त रखने का काम कर रही है। प्रयागराज की घटना को अंजाम देने वालों को किसी भी प्रकार से रियायत नहीं दी जाएगी। कहा कि घटना में शामिल व्यक्ति और संरक्षण देने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। घटना को अंजाम देने के बाद भागने वाले अपराधियों को पुलिस छोड़ेगी नहीं। क्योंकि पुलिस अपने बचाव में गोली चलाती है। कहा कि किसानों के संबंध में सरकार हमेशा संवेदनशील है। सरकार का पूरा प्रयास है कि किसानों की आय को दोगुना किया जाय। इसी के तहत सिंचाई वाली बिजली को निशुल्क करने की पहल की जाएगी। उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर भी दंभ भरा। कहा कि पिछली बार प्रदेश के दो निकाय में भाजपा का ध्वज नहीं फहर सका था।
इस बार भाजपा की तैयारी पूरी है। भाजपा हमेशा चुनावी मोड में रहती है। इसलिए निकाय चुनाव का परिणाम भाजपा के पक्ष में पिछली बार की अपेक्षा के अनुरूप सकारात्मक होगा। उन्होंने राहुल गांधी पर शब्द बाण चलाते हुए कहा कि देश के अंदर किसी भी पार्टी की नीतियों के ऊपर सवाल उठाना जायज है, लेकिन देश के बाहर ऐसा करना गलत है। देश के लोगों की अपेक्षा है कि राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। क्योंकि देश के लोगों में राहुल गांधी के बयान को लेकर गुस्सा देखने को मिल रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.