चंदौली में देव दीपावली को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रह जाए। इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। एसपी खुद पूरे क्षेत्र की निगरानी करेंगे। इस मौके पर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के पहुंचने की आशंका है। इस मौके पर कई इलाकों में कार्यक्रमों का आयोजन होता है।
लाइफ जैकेट से लैस रहेंगे गोताखोर
जिले में गंगा के किनारे के प्रमुख घाटों पर देव दीपावली के दिन गोताखोर और पीएसी की स्पेशल टीम को नौकाओं के साथ तैनात किया जाएगा। जिसमें उनके पास लाइफ जैकेट, रस्सी और सुरक्षा के अन्य उपकरण मौजूद रहेंगे। वहीं स्काउट गाइड और स्वयंसेवी संगठनों का भी कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग लिया जाएगा। यातायात को सुगम रखने के लिए चहनिया से बलुआ रोड पर शुक्रवार को भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
बलुआ में जलेंगे 21 हजार दीप
कार्तिक पूर्णिमा को देवों की दीपावली माना जाता है। इस दिन देवालयों के साथ सरोवर तट और गंगा तटों पर दीपदान का अत्यधिक महत्व है। पिछले कुछ सालों में वाराणसी की तर्ज पर चंदौली जिले में भी देव दीपावली पर सरोवर तटों पर दीपदान भव्य स्तर पर किया जा रहा है। चहनियां क्षेत्र के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर 21000 मिट्टी के दीप के जलाए जाएंगे। इसमें सूबे के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर शामिल होंगे। गोष्ठी के बाद गंगा आरती होगी और रात आठ बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.