देवरिया में रविवार को 2,979 लोगों की कोविड जांच हुई। इसमें 18 लोग पॉजिटिव मिले। इसे मिलाकर जिले में कुल 70 सक्रिय मरीज हो गए हैं। इसमें से 68 लोग होम आइसोलेशन में हैं। दो मरीजों का जिले के बाहर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अब तक जिले में कोरोना के कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 20,304 हो गई है। इनमें से 222 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 20,012 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं।
हार्निया का ऑपरेशन कराने आया था व्यक्ति
सदर ब्लॉक के मिश्रौली निवासी 60 वर्षीय एक व्यक्ति हार्निया के ऑपरेशन के लिए जिला अस्पताल आया था। कोविड जांच में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह कहीं बाहर नहीं गया था। शहर के देवरिया खास निवासी एक 34 वर्षीय व्यक्ति गोरखपुर में बैंक में नौकरी करता है। 4 दिन पहले घर आया था। सर्दी होने पर जांच में कोविड पॉजिटिव पाया गया है। घर के सदस्यों की जांच हो रही है। भाटपरानी के माली छापर निवासी एक किशोर 4 जनवरी को सिरसा हरियाणा से आया था। बुखार होने पर दो दिन पूर्व जांच में पॉजिटिव पाया गया है। बिहार के भागलपुर निवासी एक व्यक्ति सिवान में रेलवे कर्मचारी है। भाटपार रानी रेलवे स्टेशन पर कोविड जांच में पॉजिटिव पाया गया है।
मुंबई से आया व्यक्ति मिला पॉजिटिव
राघव नगर के एक बुजुर्ग बाबा वैद्यनाथ धाम दर्शन कर लौटा था। बुखार और सर्दी होने पर आरटी-पीसीआर जांच में कोविड पॉजिटिव पाया गया है। उमानगर निवासी एक 34 वर्षीय महिला 1 जनवरी को दिल्ली से आई थी। यह दूसरी बार कोविड जांच में पॉजिटिव मिली है। पथरदेवा के मछैला निवासी एक किशोरी की गोरखपुर में कोविड की आरटी-पीसीआर जांच हुई। इसमें वह पॉजिटिव मिली है। पथरदेवा के खुटहां निवासी एक व्यक्ति 3 जनवरी को मुंबई से आया है। वह जांच में पॉजिटिव मिला है। इस तरह रविवार को कुल 18 लोग पॉजिटिव मिले हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.