देवरिया जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज सायं लगभग पौने पांच बजे लार ब्लाक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने इन दोनों कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
सबसे पहले चेक किया अटेंडेंस रजिस्टर
डीएम श्री सिंह ने लार ब्लॉक के दौरे के दौरान सबसे पहले अटेंडेंस रजिस्टर का अवलोकन किया। इसमें दीपक गुप्ता बीओपीटी अनुपस्थित मिले तथा संजीव कुमार पांडेय पटल से गायब मिले। जिलाधिकारी ने इन दोनों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
गंदगी देखकर जताई नाराजगी
डीएम ने ब्लॉक परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी व्यक्त की। परिसर में कूड़ादान और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और परिसर की खराब स्ट्रीट लाइट को सही कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यालय परिसर की जर्जर सड़क पर बीडीओ को फटकार लगाई और कहा कि ब्लाक आने वाले आम नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। नागरिकों को सुविधाजनक और स्वच्छ परिवेश उपलब्ध कराया जाए जिससे वे ब्लॉक आने पर फ्रेंडली माहौल महसूस करें। उन्होंने सभी ब्लॉक स्तरीय कर्मचारियों को ब्लॉक में ही निवास करने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि जो कर्मचारी ब्लॉक पर रात्रि विश्राम नहीं करेंगे उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाई की जाएगी। इस अवसर पर बीडीओ संजीव कुमार पांडेय सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.