हर वर्ष नवंबर माह में पुलिस विभाग की तरफ से यातायात जागरूकता माह चलाया जाता है। जबकि परिवहन विभाग की तरफ से हर वर्ष दो बार जागरूकता अभियान चलाया जाता है। इन अभियानों में लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया जाता है।
युवा नहीं कर रहे नियमों का पालन
कभी परिवहन विभाग तो कभी यातायात पुलिस द्वारा अभियान चलाकर लोगों को यातायात के प्रति जागरूक किया जाता है, लेकिन इसका असर युवाओं पर नहीं दिख रहा है। युवा यातायात नियमों को तोड़ते हुए हर दिन नजर आ रहे हैं। यातायात नियमों का पालन न करने के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान तक जा रही है।
इन अभियानों के तहत लोगों को किया जा रहा जागरूक
कैसे वाहन चलाएं, कितने लोगों को वाहन पर बैठाएं, वाहन चलाते समय क्या-क्या सतर्कता बरतें? इस पर जोर रहता है। लेकिन नगर में इस जागरूकता का कोई असर नहीं दिख रहा है। एक-एक बाइक पर चार-चार सवारी ग्रामीण क्षेत्र में नहीं, बल्कि नगर में चल रहे हैं।
विधायक जयप्रकाश निषाद ने चलाया अभियान
युवाओं की टोलियां अक्सर बिना हेलमेट के बाइक तेज रफ्तार में दौड़ती हुई नजर आती हैं। इसके अलावा कई ऐसे युवा हैं, जो कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग ही नहीं करते। इसी क्रम में स्थानीय विधायक जयप्रकाश निषाद ने नगर के बस स्टेशन के समीप यातायात जागरूकता अभियान चला कर जनता को जागरूक किया।
नियमों का करें पालन
उन्होंने कहा कि वाहनों को सावधानी पूर्वक व नियमानुसार चलाए। बाइक ड्राइव करने के दौरान हेलमेट का उपयोग अवश्य करें तेज वाहन न चलाएं। चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें। साथ ही वाहन चलाते समय नशीले पदार्थों का सेवन न करने की अपील की। इस अवसर पर अधिकारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.