फर्रुखाबाद के तहसील कायमगंज में खेत से चारा काटने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने दंपति पर हमला कर दिया। दबंगों ने महिला की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी और पति को मरने की हालत में छोड़कर हमलावर भाग गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने घर में दबिश देकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
महिला के पति को मरने की हालत में छोड़ा
फर्रुखाबाद के तहसील कायमगंज क्षेत्र के गांव गुलबाजनगर में लाखन सिंह जाटव ने वीरेंद्र जाटव के खेत से घास काट ली थी, इस पर उसका वीरेंद्र से विवाद हो गया। उस समय वीरेंद्र ने लाखन सिंह को देख लेने की धमकी दी। देर रात जब लाखन सिंह और उनकी पत्नी लज्जावती खेत में बनी झोपड़ी में सो रहे थे। तभी वीरेंद्र ने अपने साथियों के साथ उसकी झोपड़ी पर हमला बोल दिया। दबंगों ने लाठी डंडों और ईंट पत्थरों से दंपति पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल लज्जावती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खून से लथपथ लाखन सिंह वहीं गिर पड़े। हमलावर दोनों को मरा समझकर फरार हो गए।
घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया भर्ती
हमलावरों के भाग जाने पर घायल लाखन सिंह किसी तरह पुत्र अनिल के पास पहुंचे और घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर आई पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लाखन सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि मृतका के परिजनों ने जिन हमलावरों के नाम बताए हैं उन्हें और उनके परिवार वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.