यूपी के फतेहपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पिता ने ससुरालियों पर दहेज की खातिर जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित तहरीर दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों से इस मामले की जानकारी जुटाने में लग गई।
हाथगांव थाना क्षेत्र के बरचनपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में 22 वर्षीय रिंकी देवी उर्फ गुड़िया पत्नी शिबू यादव ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। जैसे ही मामले की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो ग्रामीणों में भी हड़कंप मच गया। बेटी की मौत की खबर लगते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर गांव पहुंच गए। ससुराली जनों पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
रिंकी देवी के पिता शिव शंकर यादव ने बताया कि वह हथगांव थाना क्षेत्र के इशाकपुर गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी 22 वर्षी बेटी रिंकी देवी की शादी 26 अप्रैल 2021 को बरचनपुर गांव के रहने वाले शुगर सिंह यादव के पुत्र शिबू यादव के साथ किया था। बेटी की शादी में दान दहेज सहित नगद रुपया भी दिया। लेकिन दहेज लोभी शादी के कुछ दिन बाद ही बेटी को परेशान करने लगे। आए दिन दहेज के रूप में चार पहिया और रुपए की मांग करने लगे।
बेटी के कहने पर कई बार सहयोग के लिए रुपए भी दिए लेकिन ससुरालियों की दिन प्रतिदिन मांगे बढ़ती जा रही थी। इस मामले को लेकर बेटी ने फोन के माध्यम से उन्हें बताया था। रिंकी के पति चंडीगढ़ प्रांत में एक शराब की कंपनी में पैकिंग का काम करता है। शिव शंकर यादव ने बताया कि 1 वर्ष पहले बेटी को एक बेटा हुआ जिसका नाम आर्यन है। अपने दुधमुंहे बच्चे पर भी रहम नहीं आया और ससुरालियों ने जहर देकर मासूम आर्यन की मां को मौत के घाट उतार दिया। ऐसे लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.