फतेहपुर के थरियांव थाना क्षेत्र में रविवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन असोथर और थरियांव थाना क्षेत्र के बॉर्डर की घटना होने से घंटों तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिससे ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए।
संपत्ति बंटवारे का भाइयों में चल रहा था विवाद
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पहुंची थरियांव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। थाना प्रभारी सतेंद्र भदौरिया ने बताया कि मृतक असोथर थाना क्षेत्र के खैराहा गांव का रहने वाला शंकर यादव है। इसका अपने भाइयों राजेन्द्र यादव और सुरेंद्र यादव से संपत्ति बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मृतक सबसे छोटा भाई था।
कल शाम को घर से निकल गया था मृतक
शनिवार को सभी भाइयों में विवाद हुआ था। जानकारी होने पर डायल 112 के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे और मामला शांत कराकर वापस आ गए थे। परिजनों के अनुसार, मृतक शंकर यादव कल शाम को ही घर से निकल गया था। आज उसका शव पेड़ पर लटकता मिला। मृतक के घर में पत्नी सीमा देवी, एक लड़का और एक लड़की है। अभी तक परिजनों ने थाने में तहरीर नहीं दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.