फिरोजाबाद में गंदगी से पटे पड़े 75 तालाबों को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाएगा। जो ग्रामीणों के लिए पिकनिक स्पॉट की तरह उपयोगी साबित होंगे। इसके लिए तालाबों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। केंद्र सरकार की इस योजना पर अमल शुरू हो गया है। प्रशासन ने 53 तालाबों की कार्ययोजना बनाकर कुछ पर काम शुरू करा दिया है।
तालाब में उतरने को बनेंगी सीढ़ियां
अमृत सरोवर के लिए ऐसे तालाब लिए गए हैं, जिनका क्षेत्रफल एक एकड़ या उससे अधिक है। इन तालाबों की सफाई और खुदाई कराने के बाद किनारे पक्के किए जाएंगे। जरूरत होगी तो तालाब में उतरने के लिए सीढ़ियां भी बनाई जाएंगी। इतना काम होने के बाद तालाबों के किनारे टहलने के लिए पाथ वे बनेगा और बैठने के लिए बेंज भी लगवाई जाएंगी। आसपास का माहौल हरा-भरा रहे इसके लिए पौधा रोपण किया जाएगा। तालाब के पास में ही सामुदायिक शौचालय और सामुदायिक भवन होगा।
बारिश या नहर के पानी से भरे जाएंगे तालाब
इन सरोवरों पर राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण किया जा सकेगा। खास बात यह है कि अमृत सरोवर में गांव का गंदा पानी नहीं आए। बल्कि इन्हें बारिश, नहर या बंबा के पानी से भरने की व्यवस्था की जाएगी। उपायुक्त मनरेगा अजय कुमार ने बताया कि शासन से आई सूची में से सत्यापन के बाद 53 तालाब चयनित कर लिए गए हैं। इनकी कार्ययोजना बन गई है। कुछ पर सफाई का काम भी शुरू हो गया है। बाकी तालाबों के चयन के लिए जनप्रतिनिधियों से भी प्रस्ताव मांगे गए हैं।
रामपुर के सरोवर की पीएम ने की थी सराहना
अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामपुर में बनाए गए सरोवर की अपने 'मन की बात' कार्यक्रम में सराहना की थी। उसके बाद से ही इस तरह के सरोवर बनाने की योजना तैयार की गई है। इस सरोवर को बनाने में जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, मनरेगा समेत कई विभागों की सहभागिता रहेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.