फिरोजाबाद में नए परिसीमन की तैयारी है। शहर के श्रीराम कॉलोनी के लिए नगर निगम ने प्रस्ताव तैयार कर प्रशासन को भेजा है। इसे लेकर श्रीराम कॉलोनी वासियों ने विरोध के स्वर तेज कर दिए हैं। इस कॉलोनी में हजारों की आबादी है।
टूंडला विधानसभा में है शामिल
टूंडला विधानसभा में आने वाली श्रीराम कालोनी में हजारों की आबादी सालों से सड़क, बिजली, पानी सहित मूलभूत सुविधाओं को तरस रही है। लंबे संघर्ष के बाद प्रदेश सरकार द्वारा दिसंबर-2019 में सीमा विस्तार कर श्रीराम कॉलोनी को नगर निगम सीमा में शामिल किया गया। अब प्रदेश में नगर निकाय चुनाव होने हैं। शासन के आदेश नगर निकायों के परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है। नगर निगम द्वारा कोई वार्ड बढ़ाए बिना श्रीराम कालोनी को वार्ड 34 ठारपूठा में शामिल करने का प्रस्ताव बनाया है। इससे क्षेत्रीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। अरविंद राजपूत, रामदयाल कुशवाहा, राम सिंह प्रजापति, चंदन सिंह, ग्याप्रसाद आदि ने चेतावनी दी है कि श्रीराम कालोनी को जल्द वार्ड 29 में शामिल करने का प्रस्ताव नहीं भेजा गया तो सड़क पर आंदोलन करेंगे।
वार्ड 29 में शामिल करने को शासन-प्रशासन से उठाई मांग
श्रीराम कालोनी संघर्ष समिति द्वारा नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजा गया है। क्षेत्रीय निवासी उमेश कुमार ओझा, निर्मल राठौर का कहना है कि नगर निगम द्वारा श्रीराम कालोनी को शिकोहाबाद विधान सभा में आने वाले वार्ड 34 ठारपूठा में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है। जबकि श्रीराम कालोनी में रहने वालों के आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली बिल वार्ड 29 के नाम आ रहे हैं। विधान सभा व वार्ड बदलने लोगों को काफी परेशानी का सामना करना होगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.