रबूपुरा क़स्बे में आयोजित एक शादी समारोह में खाना खाने से करीब 150 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सोमवार को एक मैरिज होम में इस दावत का आयोजन किया था। जिसमें दूल्हा पक्ष व दुल्हन पक्ष के सैकड़ो लोग इस प्रोग्राम में शामिल हुए थे।
लड़की और लड़का पक्ष ने दी थी दावत
जिला आगरा के एक गांव निवासी लड़की पक्ष ने कस्बा निवासी एक परिवार के युवक से अपनी बेटी का रिश्ता तय किया था। बीते सोमवार को लड़की व लड़का पक्ष ने एक कस्बा स्थित एक मैरिज होम में शाम के समय शादी समारोह में भोजन का आयोजन किया था। जिसमें दोनों पक्षों के लोगो की तरफ से सैकड़ो लोग खाना खाने के लिए आमंत्रित किए गए थे। कार्यक्रम में पहुंचे करीब 150 लोग खाना खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। खाना खाने के बाद ज्यादातर लोगों को दस्त, उल्टी पेट दर्द आदि की समस्या होने लगी। हालत बिगड़ती देख परिजनों ने पीड़ितों को एरिया के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। जबकि कुछ लोगो ने घर में रहकर ही अपना इलाज कराया। वही अभी भी करीब 20 से अधिक लोगों का एरिया के अलग अलग निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
मिलावटी सामान लगाने का आरोप
बीमार हुए लोगों के परिवार के लोगों का कहना है कि खाना बनाने में इस्तेमाल किया गया रिफाइंड, दूध, पनीर व खोवा आदि मिलावटी था। इन्हीं मिलावटी खाद्य पदार्थों से बनी सब्जियां, मिठाई आदि खाने से लोगो को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हुई है। उधर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने ऐसी किसी भी घटना की शिकायत या जानकारी से इनकार किया है। करीब 8 दिन पहले दनकौर कस्बे में भी एक हलवाई कि मिलावटी मिठाई खाने से एक ही परिवार के 5 लोगों को फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानों पर मिलावटी सामान बेचा जाता है। उसके बावजूद भी खाद विभाग के अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं देते हैं। जिसकी वजह से लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.