ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पर 12 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर रविवार रात को बीटा-2 थाना पुलिस देर रात LG गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर किस्म का लुटेरा किसी घटना को अंजाम देने के लिए आ रहा है। पुलिस को जब वह बाइक पर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसको रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और उसने अपनी बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने जब उसका पीछा किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पैर में गोली लगने से बदमाश घायल
थोड़ा आगे चलकर वह बाइक छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल तरफ भागने लगा। इस दौरान पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर गया, जिसके बाद पुलिस ने बदमाश को पकड़ लिया। घायल अवस्था में उस को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
महिलाओं को बनाता था अपना निशाना
बदमाश की पहचान मुरादनगर निवासी सोनू के रूप में हुई है। वो एक शातिर किस्म का चेन लुटेरा है जो राह चलती महिलाओं और बुजुर्गों को अपना निशाना बनाता था। चेन लूटने के बाद फरार हो जाता था। यह बीटा 2 थाना क्षेत्र में आधा दर्जन से ज़्यादा मामलों में फरार चल रहा था। यह गैंगस्टर और टॉप 10 बदमाशों में शामिल है। इसके अलावा इस पर एक दर्जन से ज्यादा लूट के मुकदमे दर्ज हैं।
एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे ने बताया, "रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान घायल एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया गया है। इस पर 12 से अधिक लूट के मुकदमे दर्ज हैं। यह बीटा-टू का गैंगस्टर और टॉप 10 अपराधी है। इसके कब्जे से चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.