कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा नौ दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार को यूपी पहुंची। गाजियाबाद में प्रियंका गांधी ने भाई राहुल गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रियंका के कंधे पर हाथ रखकर राहुल गांधी आगे बढ़ते दिखे। लोनी बॉर्डर पर बने मंच पर राहुल और प्रियंका एक साथ नजर आए। मंच से प्रियंका ने भाई राहुल को योद्धा बताया।
प्रियंका ने कहा, "मेरे बड़े भाई... इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्च किए, इनकी छवि को खराब करने के लिए, लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाई गईं। योद्धा हैं... योद्धा हैं। अडाणी-अंबानी ने बड़े-बड़े नेता खरीद लिए। देश की सरकारी संपत्ति खरीद लीं। देश की मीडिया खरीद ली, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए। न खरीद पाएंगे।"
राहुल गांधी दिल्ली लौटे, कल बागपत पहुंचेंगे
उधर राहुल और प्रियंका गाजियाबाद में करीब 6 किलोमीटर पैदल चलने के बाद एक ही कार से दिल्ली लौट गए। राहुल और प्रियंका खजूरी पुस्ता रोड होते हुए दिल्ली गए हैं। यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने बताया कि राहुल गांधी का आज का पैदल चलने का टारगेट 25 किलोमीटर था।
दिल्ली और गाजियाबाद मिलाकर राहुल 25 किलोमीटर पैदल चल चुके हैं। अब कल सुबह बागपत के मवी लां से कफिर यात्रा में जुड़ेंगे। जबकि यात्रा के UP कॉर्डिनेटर सलमान खुर्शीद ने कहा कि मुझे राहुल के लौटने की अभी कोई जानकारी नहीं है।
राहुल सत्य का कवच पहनकर चल रहे, इसलिए ठंड नहीं लगती
इससे पहले मंच से प्रियंका ने कहा, "कोई मुझसे पूछ रहा था कि आपके भाई को ठंड नहीं लगती। आपको डर नहीं लगता, इनकी सुरक्षा के लिए। मेरा जवाब ये है कि ये सत्य का कवच पहनकर चल रहे हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा। सब साथ चलिए। एकता, सद्भावना, प्यार का पैगाम लेकर चलिए। इसके बाद दोनों ने लोगों का अभिवादन किया।" हालांकि मंच पर राहुल ने कोई स्पीच नहीं दी।
UP में 3 दिन में 130 किमी चलेंगे राहुल
UP में यात्रा शुरू करने से पहले राहुल ने दिल्ली में मरघट वाले हनुमान जी के दर्शन किए। इस दौरान पुजारी ने उनको गदा भी दी। राहुल की गदा उठाए हुए एक फोटो सामने आई है। भारत जोड़ो यात्रा 9 दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार को शुरू हुई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी UP में 3 दिन में करीब 130 किलोमीटर पैदल चलने वाले हैं। इस दौरान यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली से यात्रा गुजरेगी। यह 11 विधानसभाओं को कवर करेगी।
यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट्स...
राशिद अल्वी बोले- BJP सरकार नफरत की आंधी
पूर्व मंत्री राशिद अल्वी भी यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "किस-किस तकलीफ का जिक्र किया जाए। पिछले 8 सालों में देश की तकदीर बदल दी। BJP सरकार नफरत की आंधी है। साध्वी प्रज्ञा घरों में छुरी तेज करने के लिए बोलती हैं। कभी बुलडोजर ठीक कराने तो कभी पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं। क्या देश के यही मुद्दे हैं? आप रोजगार, नौजवानों, किसानों की बात नहीं करते हैं।"
चलिए अब आपको यूपी में यात्रा से जुड़ी तैयारियों, यात्रा का सियासी गुणा-गणित के बारे में बताते हैं...
4 जनवरी को शामली में नाइट स्टे
गाजियाबाद से यह यात्रा बागपत की तरफ बढ़ रही है। शाम 5 से 6 बजे के बीच बागपत में एंट्री करके मवी कलां में नाइट स्टे करेगी। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने गाजियाबाद से लेकर पूरे रूट पर डेरा डाल दिया है। CRPF की एक टीम ने पूरे रूट का दौरा कर व्यवस्थाएं देखी हैं। भारत जोड़ो यात्रा के लिए रिसॉर्ट भी तैयार किया गया है।
4 जनवरी की सुबह 6 बजे यात्रा फिर शुरू होगी। यह बागपत, सिसाना, सरूरपुर, बड़ौत होते हुए शाम 6 बजे शामली के कस्बा एलम में पहुंचकर नाइट स्टे करेगी। 5 जनवरी की सुबह यात्रा एलम से शुरू होगी और कांधला, ऊंचागांव, कैराना होते हुए पानीपत बॉर्डर के रास्ते हरियाणा में एंट्री कर जाएगी। 5 जनवरी का नाइट स्टे हरियाणा में होगा।
रिसॉर्ट में 60 कंटेनर, कार्यकर्ताओं के लिए टेंट
UP में 3 जनवरी यानी आज राहुल, प्रियंका समेत करीब 150 'भारत जोड़ो यात्रियों' के कंटेनर बागपत के 'द हरी कैसल रिसॉर्ट' में रुकेंगे। करीब 60 कंटेनर इस रिसॉर्ट के अंदर जाएंगे। राहुल इसी कंटेनर में नाइट स्टे करेंगे।
2 लाख वर्ग फीट में टेंट, 6 हजार रजाई-गद्दे
वहीं, यात्रा में साथ चलने वाले हजारों कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए रिसॉर्ट के सामने करीब 2 लाख वर्ग फीट में जर्मन हैंगर (वाटर प्रूफ टेंट) लगाया है। यहां 6 हजार रजाई-गद्दों और करीब 10 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। बागपत जिले के मवी कलां में स्थित 'द हरी कैसल रिसॉर्ट' के मालिक भूप सिंह हैं। वह भाजपा कार्यकर्ता हैं। 24 दिसंबर को ही इस रिसॉर्ट का उद्घाटन बागपत से भाजपा सांसद डॉक्टर सतपाल सिंह ने किया था।
75 जिलों वाले UP के सिर्फ 3 जिलों में ही यात्रा क्यों?
UP में 75 जिले हैं। 403 विधानसभाएं हैं। भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ 3 जिलों और 11 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। ऐसा क्यों? यह सवाल हमने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी से किया। उन्होंने कहा, "इस यात्रा का जो रूट चार्ट पहले दिन तय किया गया था, उसमें UP में यात्रा के प्रवेश का प्लान नहीं था। यात्रा 150 दिनों में 3570 किलोमीटर की दूरी तय कर कन्याकुमारी से श्रीनगर में खत्म हो रही थी, लेकिन दिल्ली में ठहराव की वजह से 3 दिनों की यात्रा उत्तर प्रदेश में रखी गई।" (पूरी खबर पढ़े)
अखिलेश-जयंत नहीं आएंगे, राहुल को मिला रामजन्मभूमि के पुजारी का आशीर्वाद
यात्रा में शामिल होने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को न्योता दिया गया है। जयंत चौधरी पिछले कई दिन से बाहर हैं। इसलिए वे इस यात्रा में नहीं आएंगे। अखिलेश ने सोमवार को राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनकी इस यात्रा के लिए बधाई दी है। इसलिए माना जा रहा है कि वे भी इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे।
वहीं, अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर के प्रधान पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास शास्त्री ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन किया है। उन्होंने राहुल को एक पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि भारत जोड़ो यात्रा सर्वजन सुखाय व सर्वजन हिताय के लिए है। साथ ही, उन्होंने गांधी को दीर्घायु व स्वस्थ रहने की कामना करते हुए लक्ष्य की पूर्ति का आशीर्वाद दिया।
अब पढ़िए UP में इस यात्रा के राजनीतिक मायने...
यूपी में यात्रा का 3 दिन का पूरा शेड्यूल
यह भी पढ़ें...
पंजाब में SSP ऑफिस के बाहर लिखे नारे, राहुल गांधी पंजाब न आएं
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में SSP उपिंदरजीत सिंह घुम्मण के कार्यालय की दीवारों पर मंगलवार सुबह खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे मिले हैं। विदेश में बैठे आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इसकी जिम्मेदारी लेते हुए राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा लेकर पंजाब में ना आने की नसीहत भी दे दी है। इससे पहले भी यात्रा रोकने की धमकी दी जा चुकी है।
नारे लिखे होने का पता चलते ही पुलिस ने उन्हें मिटा दिया। इसके बाद अब नारे लिखने वालों को पकड़ने के लिए CCTV खंगाले जा रहे हैं। (पढ़े पूरी खबर)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.