गाजियाबाद में बच्चे पर पिटबुल का अटैक, 150 टांके लगे:लड़की कुत्ता टहला रही थी, हाथ से छूटा तो सीधे बच्चे पर झपटा; गाल और कान नोंच डाले

गाजियाबाद9 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

गाजियाबाद में पार्क में पिटबुल डॉग ने 11 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। उसका एक कान और गाल नोंच दिया। पिटबुल का हमला इतना घातक था कि बच्चे के चेहरे पर 150 से ज्यादा टांके लगे हैं। सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को डिस्चार्ज कर दिया है। पीड़ित बच्चे के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। नगर निगम ने कुत्ता मालिक पर पांच हजार का जुर्माना लगाया है। ये मामला बीते शनिवार का है, जिसकी CCTV फुटेज गुरुवार को सामने आई है।

खबर में पोल है। आगे बढ़ने से पहले आप इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

पार्क में लड़की से छूटकर कुत्ते ने हमला बोला
घटना मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के संजयनगर सेक्टर-23 के A-ब्लॉक की है। यहां सचिन त्यागी परिवार के साथ रहते हैं। उनका बेटा पुष्प त्यागी कक्षा 5 का छात्र है। शनिवार को पार्क में घूम रहा था। वहां पास में ही रहने वाली एक लड़की अपने पालतू पिटबुल डॉग को घुमा रही थी।

इस दौरान पिटबुल उस लड़की के हाथ से छूट गया। पिटबुल ने बच्चे पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बच्चा जमीन पर गिर गया। पिटबुल ने उसको बुरी तरह नोंच डाला। आस-पास के लोगों ने भागकर बच्चे की जान बचाई और दोनों को अलग किया।

पिटबुल ने इस कदर हमला किया कि बच्चे के चेहरे पर 150 से ज्यादा टांके लगे हैं।
पिटबुल ने इस कदर हमला किया कि बच्चे के चेहरे पर 150 से ज्यादा टांके लगे हैं।

बच्चा इतना डर गया कि बोल भी नहीं पा रहा
आनन-फानन में घायल बच्चे को परिजन नजदीकी हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने 150 टांके चेहरे पर लगाए हैं। परिजनों ने यूपी-112 को फोन करके शिकायत भी दर्ज कराई। बच्चे के चेहरे पर पट्टी बंधी हुई है। वह कुछ बोलने या खाने-पीने की स्थिति में नहीं है। वो बुरी तरह से डरा हुआ है। उसके पूरे चहरे पर टांके लगे हुए हैं।

आस-पास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से बच्चे को बचाया। कुत्ता लगातार बच्चे पर हमला कर रहा था।
आस-पास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से बच्चे को बचाया। कुत्ता लगातार बच्चे पर हमला कर रहा था।

पिता ने कहा-शिकायत से कुछ होने वाला नहीं
पीड़ित के पिता सचिन त्यागी का क्रेन का कारोबार हैं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस घर आई थी। उन्होंने कुत्ता मालिक ललित त्यागी के खिलाफ लिखित में शिकायत कर दी है। लेकिन ऐसी शिकायतों से कुछ होने वाला नहीं है। ज्यादा से ज्यादा नगर निगम की टीम उस पिटबुल को जब्त करके ले जाएगी। लेकिन आठ दिन बाद वह छूट आएगा।

इस हादसे के बाद बच्चा गुमसुम है। वो बेहद डरा हुआ है और किसी से कुछ बोल भी नहीं पा रहा।
इस हादसे के बाद बच्चा गुमसुम है। वो बेहद डरा हुआ है और किसी से कुछ बोल भी नहीं पा रहा।

"मेरे बेटे का चेहरा बिगड़ गया, तब भी पिटबुल अभी सोसायटी में है"
उन्होंने कहा, "बेटे के 12 सितंबर से पेपर शुरू होने वाले हैं। लेकिन बेटा इस स्थिति में नहीं है कि वो स्कूल में जा पाए। उसके भविष्य पर संकट आ गया है। पूरे चेहरे पर टांके लगे हैं। एक कान कट गया और दूसरी तरफ गाल कट गया। आरोपी पक्ष से ललित त्यागी ने गलती मानी है। लेकिन इस माफी से मेरे बेटे के जख्म थोड़े ही भर जाएंगे। उसका पूरा चेहरा बिगड़ गया है। दूसरी बात ये कि पिटबुल अभी भी सोसाइटी में है। इसलिए वह सभी के लिए खतरा बना हुआ है।"

सचिन कहते हैं, "पिटबुल इतना खतरनाक है कि लखनऊ में एक महिला को खत्म कर चुका है। ये सब देखते हुए भी लोग खतरनाक कुत्ता पाल रहे हैं। हमारे बच्चे सेफ नहीं हैं। बच्चे आखिर कहां खेलने जाएं।" गाजियाबाद नगर निगम कुत्ता मालिक पर 5 हजार का जुर्माना लगाया है। वजह है कि कुत्ता मालिक ने पालतू कुत्ते का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था।

बच्चे को 150 से अधिक टांके लगाए गए हैं। तब जाकर उसी जान बच पाई है।
बच्चे को 150 से अधिक टांके लगाए गए हैं। तब जाकर उसी जान बच पाई है।

लिफ्ट में कुत्ते ने बच्चे को काटा
इससे पहले गाजियाबाद में ही राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी की लिफ्ट में एक महिला अपने पालतू कुत्ते को ले जा रही थी। कुत्ते ने लिफ्ट में मौजूद एक बच्चे को काट लिया। महिला दर्द से कराहते बच्चे को संभालने या पूछने के बजाय लिफ्ट में चुपचाप खड़ी रही। बच्चे के पिता ने महिला के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। (पूरी खबर यहां पढ़ें)

यह सीसीटीवी फुटेज गाजियाबाद का है। यहां बच्चे पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया था।
यह सीसीटीवी फुटेज गाजियाबाद का है। यहां बच्चे पर पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया था।

नोएडा में सेक्टर-75 के अपेक्स एथेना सोसाइटी में लिफ्ट में एक कुत्ते ने डिलीवरी ब्वॉय पर हमला कर दिया। डिलीवरी बॉय का नाम सचिन है। जर्मन शेफर्ड के हमले से घबराकर डिलीवरी बॉय लिफ्ट में ही फर्श पर गिर पड़ा। इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया था। (पूरी खबर यहां पढ़ें)

यह सीसीटीवी फुटेज नोएडा का है। इसमें डिलीवरी ब्वॉय पर जर्मन शेफर्ड डॉग ने हमला कर दिया था।
यह सीसीटीवी फुटेज नोएडा का है। इसमें डिलीवरी ब्वॉय पर जर्मन शेफर्ड डॉग ने हमला कर दिया था।

लखनऊ में पिटबुल के काटने से महिला की हुई थी मौत
इससे पहले 13 जुलाई को लखनऊ में पिटबुल के काटने से 80 साल की महिला की मौत हो गई थी। घटना के समय मालकिन अपने पेट डॉग पिटबुल को छत पर टहला रही थी। अचानक उसके गले में बंधी चेन खुल गई। पिटबुल ने उस पर अटैक कर दिया और ऐसा नोंचा कि महिला के शरीर से मांस अलग हो गया। इसके बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

ये तस्वीर लखनऊ में उस पिटबुल डॉग की है। इसी ने अपनी मालकिन पर हमला किया था। उसके अटैक से महिला की मौत हुई थी।
ये तस्वीर लखनऊ में उस पिटबुल डॉग की है। इसी ने अपनी मालकिन पर हमला किया था। उसके अटैक से महिला की मौत हुई थी।

अमेरिका समेत 41 देशों में बैन है पिटबुल
पिटबुल डॉग अमेरिका, जर्मनी, डेनमार्क, स्पेन, ब्रिटेन, आयरलैंड, रोमानिया, कनाडा, इटली और फ्रांस समेत 41 देशों में बैन है। कई देशों में पिटबुल प्रजाति के कुत्ते को रिहायशी इलाकों में पालने पर भी प्रतिबंध लगाया है। एक्सपर्ट के मुताबिक, पिटबुल प्रजाति के कुत्ते किसी व्यक्ति या जानवर को कब्जे में लेने के बाद अपने जबड़ों को लॉक कर लेते हैं। ऐसे में छुड़ा पाना आसान नहीं होता है।

यह भी पढ़ें: लिफ्ट में कुत्तों की एंट्री पर महिलाओं में बहस, VIDEO:ज्यादातर RWA एंट्री बैन करने के पक्ष में, लेकिन कानून नहीं दे रहा इजाजत