गाजीपुर में प्री मानसून की सक्रियता पूर्वांचल में होने जा रही है। इसके ठीक पीछे मानसून की सक्रियता का दौर होने की उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलेगी।
कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक कपिल शर्मा ने बताया कि 15 जून के बाद और 20 जून से पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून प्रवेश करेगा। तापमान में स्थिरता और कुछ दिनों में कमी का भी संकेत है। मानसूनी सक्रियता पड़ोसी राज्य बिहार तक पहुंचने के बाद भी मानसून का इंतजार उत्तर प्रदेश में बना हुआ है। ऐसे में मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि जल्द ही मौसम बदलेगा।
पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान 42 डिग्री के ऊपर चल रहा है। भीषण गर्मी के चलते जहां लोग बेहाल चल रहे थे। वहीं मानसून की आहट मिलते ही लोगों ने राहत महसूस की है। अनुमान लगाया जा रहा है कि गोरखपुर और बलिया के रास्ते मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा।
फिलहाल तपती गर्मी से आजिज आए लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक कपिल शर्मा के मुताबिक अगले दो-चार दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश में दाखिल होने की सम्भावना है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.