कैसरगंज से भाजपा सासंद और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने रांची में मंच पर एक युवा पहलवान को थप्पड़ जड़ दिया। उनकी इस हरकत का वीडियो सामने आया है। बृजभूषण शरण सिंह ने जिस पहलवान को थप्पड़ जड़ा है, वह यूपी का रहने वाला है और अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने रांची गया था।
शुक्रवार को झारखंड के रांची में अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया था। चैम्पियनशिप में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। कुश्ती चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए यूपी से एक युवा पहलवान भी पहुंचा था, लेकिन उसकी उम्र अधिक होने के कारण डिसक्वालीफाई कर दिया गया था।
मंच पर सांसद से रिक्वेस्ट करने गया था पहलवान
डिसक्वालीफाई होने के बाद हताश पहलवान मंच पर चढ़कर बृजभूषण शरण सिंह से कुश्ती चैम्पियनशिप में भाग दिलवाने के लिए विनती करने लगा। लेकिन बृजभूषण शरण सिंह नहीं मानें। जिस पर पहलवान वहां हंगामा करने लगा। इसी से नाराज होकर बृजभूषण शरण सिंह ने उसको कई थप्पड़ जड़ दिए। उनका कहना है कि खेल के नियम से बढ़कर कोई नहीं है। पहलवान को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं माना। इसलिए उसको थप्पड़ मारे।
2019 में तीसरी बार निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष
बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद हैं। इस लोकसभा क्षेत्र से इनका तीसरा कार्यकाल है। 2009 में बसपा के सुरेंद्र नाथ अवस्थी को 72,199 मतों के अंतर से हराया था। इसके बाद 2014 में भी यहीं से चुनाव जीता था। इन्होंने पहली बार 1991 में गोंडा से पहला चुनाव जीता था। बृजभूषण शरण सिंह की क्षेत्र में एक दबंग नेता के रूप में छवि है। वह 24 फरवरी 2019 को भारतीय कुश्ती महासंघ के लगातार तीसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए थे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.