नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी खुद की जमीन तलाशना शुरू कर दिया है। आज तरबगंज विधानसभा प्रभारी शिव कुमार शुक्ला द्वारा आगामी नगर निकाय चुनाव के सम्बन्ध में जिले के निकाय चुनाव प्रभारी शुभ पांडेय के नेतृत्व में नगरीय कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई।
उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव में "गंदगी हटाओ, झाड़ू चलाओ" अभियान तहत जिला निकाय चुनाव प्रभारी शुभ पांडेय ने निकाय में व्याप्त भ्रष्टाचार के बारे में चर्चा की। कहा कि आप द्वारा चलाए गए हर अभियान में जिस तरह जनता ने पूर्ण रूप से समर्थन किया है, उससे राज्य सरकार की नींद उड़ चुकी हैl हमें जिले में ही जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। आम आदमी पार्टी जिले की सभी सीटों पर चुनाव लडे़गी।
जिलाध्यक्ष बोले-भ्रष्टाचार के खिलाफ होगा आंदोलन
जिला अध्यक्ष दिग्गज पांडेय ने कहा कि "गंदगी हटाओ, झाड़ू चलाओ" पदयात्रा के दौरान पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता निगम में हुए भ्रष्टाचार को जनता तक पहुंचाने का काम करेगी। प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था, जर्जर शिक्षा भवन, महिला असुरक्षा, प्रशासनिक लापरवाही, रिश्वतखोरी में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ आन्दोलन करेगी।
दिल्ली मॉडल को यूपी में लागू करेगी पार्टी
कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रदेश सचिव वकील अहमद ने कहा कि आम आदमी पार्टी एक क्रांति है, जो केजरीवाल के दिल्ली मॉडल को सम्पूर्ण भारत में लागू करने का काम करेगी। जिला महासचिव उत्तम नागेश ने शिक्षा व्यवस्था पर अपने विचार रखे। बताया कि अच्छी शिक्षा के द्वारा ही समाज में परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम में छात्र विंग प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार बरवार, गौरा विधानसभा प्रभारी संजय पाठक, कटरा विधानसभा प्रभारी बृजेश सिंह,अब्दुल सलाम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.