गोरखपुर में 9 अक्टूबर तक बारिश की संभावना:24 घंटे में 102 मिलीमीटर हुई बरसात, दशहरे पर कभी नहीं बरसा इतना पानी

गोरखपुर8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

यूपी में आखिरी मानसून जमकर बरस रहा है। पूर्वी यूपी समेत गोरखपुर में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मंगलवार से शुरू हुई बारिश बुधवार को पूरे दिन झमाझम होती रही। इस दौरान तेज हवाएं चलीं। दशहरे के दिन भारी बारिश के बीच ही दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होता रहा। वरिष्ठ लोगों का कहना था कि दशहरे के दिन इतनी ज्यादा बारिश कभी नहीं हुई।

वहीं, गुरुवार और शुक्रवार को भी बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी में चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है। इसे लेकर यूपी 51 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल 9 अक्टूबर तक रुक-रुककर बारिश होती रहेगी।

200 से अधिक मोहल्लों में भरा पानी
दो दिनों से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं। बादलों ने दशहरे को बारिश से सराबोर कर दिया। शहर की अधिकांश सड़कें पानी में डूब गईं। बारिश की वजह से शहर के करीब 200 से अधिक मोहल्लों में बारिश का पानी जमा हो गया। गुरुवार सुबह तक जिले में 102.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह दशहरे में सर्वाधिक मूसलाधार बारिश है।

तापमान में आई गिरावट
वहीं, इस झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं की वजह से दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का न्यूनतम तापमान लगातार दूसरे दिन 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा है। हवा में अधिकतम नमी 92 फीसदी और न्यूनतम नमी 84 फीसदी रही।