गोरखनाथ मंदिर पर अटैक आतंकी हमला:ADG बोले- हमलावर मुर्तजा के लैपटाप से जो डिटेल्स मिले वह आतंकी वारदात की तरफ इशारा करते हैं

गोरखपुरएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गोरखनाथ मंदिर पर हुआ हमला आतंकी साजिश थी। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने यह बात कही है। उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में जो तथ्य मिले हैं उसके आधार पर कहा जा सकता है कि यह आतंकी घटना है। प्रशांत कुमार ने यह भी कहा कि हमलावर अहमद मुर्तजा अब्बासी के पास से जो चीजें और दस्तावेज बरामद हुए हैं। उनको देखकर यह लगता है कि यह बड़ी साजिश की तैयारी थी।

क्योंकि, वह दस्तावेज काफी सनसनीखेज हैं। इसलिए, इस पूरे मामले की जांच एटीएस और एसटीएफ को सौंपी गई है। मामले में ATS ने महराजगंज से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों युवकों ने मुर्तजा को बाइक से मंदिर के गेट पर छोड़ा था।

धार्मिक स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रशांत कुमार ने कहा कि इस हमले के बाद सभी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। यह हमला बहादुर जवानों के कारण विफल हो गया। क्योंकि, अगर हमलावर मंदिर में अंदर प्रवेश कर जाता तो भक्तों को बड़ी क्षति पहुंचा सकता था।

वहीं, एसीएस (गृह) अवनीश अवस्थी ने बताया कि हमलावर ने कहां-कहां ट्रैवल किया है। उसकी मोबाइल डिटेल भी निकलवाई है। वह किन-किन लोगों के संपर्क में था। इसकी भी गंभीरता से जांच की जा रही है। कोई भी प्वाइंट्स जांच में छोड़ा नहीं जाएगा।

बहादुर जवानों को 5-5 लाख रुपए का इनाम
अवनीश अवस्थी ने कहा कि दो पीएसी और एक पुलिस का जवान हमले में घायल हुए हैं। उन्होंने बहादुरी से हमले को विफल किया है। इन तीनों बहादुर जवानों को 5-5 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। अभी से इस बारे में कुछ भी बता देना ठीक नहीं है। क्योंकि, मामले की जांच चल रही है।

जाकिर नाइक का वीडियो देखता था मुर्तजा
अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ATS की टीम हमलावर का आतंकी कनेक्शन तलाशने नेपाल और मुबंई के लिए भी रवाना हो गई है। अब तक की जांच में सामने आया है कि मुर्तजा जाकिर नाइक का वीडियो अपने मोबाइल और लैपटॉप में देखता था।

मुर्तजा ने गोरखनाथ मंदिर में करीब 7.20 बजे हमला किया, तो पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए।
मुर्तजा ने गोरखनाथ मंदिर में करीब 7.20 बजे हमला किया, तो पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए।

सीएम योगी ने घायल जवानों से मिले
उधर, मंदिर पर हमले की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी सोमवार शाम गोरखपुर पहुंचे। योगी एयरपोर्ट से सीधे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायल जवानों का हाल जाना। उसके बाद सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर पहुंचे।

गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती जवानों का सीएम योगी ने हाल जाना।
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती जवानों का सीएम योगी ने हाल जाना।

गोरखपुर में होगी हाई लेवल की बैठक
दूसरी ओर इस घटना के बाद सुबह सबसे पहले SSP ATS अभिषेक सिंह गोरखपुर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस मामले की जांच खुद संभाली है। शासन ने तत्कालीन ATS के ADG अमिताभ यश की जगह नवीन अरोड़ा को ATS का नया ADG नियुक्त कर दिया है। देर शाम तक ADG ATS नवीन अरोड़ा भी गोरखपुर पहुंचेंगे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीएम योगी मंदिर पर हुए हमले को लेकर बैठक कर सकते हैं। इसके अलावा सीएम योगी खुद इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

PAC जवानों पर युवक ने किया था बांके से हमला

बता दें कि रविवार की शाम गोरखनाथ मंदिर पर हमले की कोशिश की गई। मुंबई से आए एक युवक ने मंदिर में जबरन घुसने का प्रयास किया। सुरक्षा में तैनात पीएसी के जवानों को शक हुआ तो उसे रोका। युवक ने गमछे में बांका लपेटकर रखा था। उसने बांका निकालकर जवानों पर हमला कर दिया। हमले में पीएसी के 2 जवान घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोटें आईं। घायल जवानों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

प्रशासन की ओर से जारी किया गया प्रेस नोट।
प्रशासन की ओर से जारी किया गया प्रेस नोट।

आरोपी मुर्तजा लगभग 15 मिनट तक मंदिर गेट पर तांडव मचाता रहा। इस बीच मंदिर के कर्मचारियों और भीड़ ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और पिटाई कर दी। आरोपित गोरखपुर का रहने वाला है।

हमलावर के पास से इंडिगो एयरलाइंस का टिकट भी​ मिला

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हमलावर अहमद मुर्तजा अब्बासी के पास से एक इंडिगो एयरलाइंस की ​फ्लाइट का टिकट भी मिला है। उसने पुलिस को बताया कि वह सिविल लाइंस गोरखपुर में कार्मल स्कूल के बगल में रहता है। उसकी शादी हुई थी। वह अलीगढ़ से पढ़ाई पूरी कराने के बाद मुंबई में केमिकल इंजीनियर की जॉब करता था, लेकिन अक्टूबर 2022 में उसकी नौकरी छूट गई थी।

इसके बाद उसकी पत्नी छोड़कर चली गई थी। इससे अवसाद में रहता था। उसका कहना है कि वह कई रातों से सो नहीं पाया था। परेशान चल रहा था। चाहता था कि कोई उसे गोली मार दे। इसलिए उसने पुलिस वालों पर हमला किया।

हमलावरों के निशाने पर योगी और गोरखनाथ मंदिर

  • 5 फरवरी 2022 को सोशल मीडिया पर लेडी डान नाम से गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी आई थी। सीएम योगी पर भी हमला करने की बात कही गई थी। जिस पर पुलिस ने गोरखपुर में केस दर्ज किया था।
  • 8 नवंबर 2021 को भी पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी आई थी।
  • एक अप्रैल 2020 को भी सीएम योगी को जान से मारने की धमकी मिली थी। यूपी पुलिस कंट्रोल रूम के वॉट्सऐप पर एक शख्स ने चैलेंज किया था कि चार दिन में जो कर सकते हो कर लो, योगी को मई 2020 में बम से उड़ा देंगे। इस मामले में लखनऊ के गोमती नगर में केस दर्ज है।
खबरें और भी हैं...