गोरखपुर में दशहरे के दिन संविदा कर्मी के सुसाइड करने का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल की कर्मचारी सहाना (30) का शुक्रवार को कमरे में फंदे से लटका शव मिला। बताया जा रहा है कि उसे 7 महीने से सैलरी नहीं मिली थी, जिसकी वजह से वो परेशान थी। 2 दिन पहले डीएम से गुहार भी लगाई थी। वहीं, लाश के बगल में उसका आठ माह का बच्चा रो रहा था।
इस मामले में पुलिस ने कोतवाली थाने के दरोगा को भी हिरासत में लिया गया है, बताया जा रहा है कि दरोगा से महिला की बातचीत होती थी। महिला का पति मानसिक रूप से कमजोर बताया जाता है। सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंच गए हैं।
अस्पताल का कामकाज ठप
सहाना की मौत की खबर सुनते ही साथी संविदा कर्मचारियों ने महिला अस्पताल का कामकाज ठप कर हड़ताल कर दी। सूचना पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट ने समझा-बुझाकर उनका वेतन जल्द दिलाने का आश्वासन देकर काम शुरू कराया है। सहाना पिछले कुछ सालों से महिला अस्पताल में ड्यूटी कर रही थी। उसका और उसके साथियों का पिछले 7 महीने से वेतन नहीं मिल रहा है। इसी बीच उपस्थिति रजिस्टर को भी हटा दिया गया था। अस्पताल प्रशासन के इस काम से सभी कर्मचारी नाराज थे।
DM ने दिया था वेतन भुगतान का आदेश
डीएम ने उसे गंभीरता से लेते हुए जल्द आश्वासन दिया था, लेकिन इसी बीच सहाना ने खुदकुशी करने का फैसला कर लिया। शुक्रवार की सुबह मकान मालिक ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि खुदकुशी की वजह साफ नहीं है, कुछ निजी कारण हो सकते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.