समाजवादी पार्टी (सपा) की 'किसान नौजवान पटेल यात्रा' देवरिया से रविवार की सुबह चलकर पांच घंटे की देरी से शाम 5 बजे गोरखपुर पहुंची। मंच पर पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भी शिष्टाचार और अनुशासन की धज्जियां उड़ा दी। मंच पर भारी भीड़ के बीच सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम के साथ धक्का-मुक्की हो गई। जिसके बाद गुस्साए-झल्लाए प्रदेश अध्यक्ष ने भी पदाधिकारियों को गुस्से में पीछे धकेल दिया।
5 घंटे की देरी से पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष
दरअसल, गोरखपुर के निपाल क्लब में 'किसान नौजवान पटेल यात्रा' का स्वागत होना था। रविवार शाम 5 बजे यात्रा पांच घंटे की देरी से यहां पहुंची। इस बीच मंच पर पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई। किसी तरह धक्का-मुक्की के बीच नरेश उत्तम पटेल का स्वागत हुआ। सपा के मंच पर अनुशासन और शिष्टाचार की धज्जियां ऐसी उड़ी कि प्रदेश अध्यक्ष ने पीछे से धक्का लगने के बाद खुद ही कार्यकर्ताओं को पीछे धकेल दिया।
वहीं, जब सपा प्रदेश अध्यक्ष मंच की ओर बढ़े तो पहले से ही काफी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थकों की भीड़ मंच पर पहुंच गई। इस अफरा-तफरी के बीच झल्लाए कार्यकर्ताओं ने कुर्सियां तक गिरा दी। पूर्वी यूपी गोरखपुर में 2022 के विधानसभा चुनाव का चुनावी बिगुल फूंकने आए सपा प्रदेश अध्यक्ष की पहली यात्रा के मंच पर ऐसी अनुशासनहीनता हुई, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
बोले- भाजपा सरकार झूठी
संवैधानिक रूप से हटाएंगे भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने किसानों को जोड़ा। मगर आज किसान घाटे में अपनी फसल बेच रहे हैं। किसान आत्महत्या कर रहे हैं, इसलिए हम लोगों ने 'किसान-नौजवान पटेल' पदयात्रा निकाली है। बड़ी तादाद में किसान नौजवान लोग पटेल यात्रा में शामिल हुए और लोगों ने सहयोग किया।
मंच पर तलवार लेकर शक्ति प्रदर्शन के सवाल पर उन्होंने कहा कि अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ समाजवादी पार्टी संविधान के अनुरूप जो भी तरीका हैं, उस तरीके से हम भाजपा को हटाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.