गोरखपुर में सोमवार दोपहर एक महिला ने पहले DM ऑफिस में शिकायत-पत्र दिया और उसके बाद जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला का आरोप है कि उसके जेठ और ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है।
इससे पहले महिला कई बार अपनी शिकायत लेकर थाने भी गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बच्चों संग डीएम दफ्तर पहुंची थी रेनू
मामला शाहपुर इलाके के उत्तरी हुमायूंपुर का है। यहां रहने वाले सत्यप्रकाश यादव का अपने सगे भाइयों से भूमि विवाद चल रहा है। उसको लेकर सत्यप्रकाश की पत्नी रेनू पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर रही थी। थाने पर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। हर तरफ से निराश होकर सोमवार को रेनू अपनी बेटी तान्या और दो बेटों के साथ DM कार्यालय पहुंची। वहां रेनू ने प्रार्थना-पत्र दिया। इसके बाद उसने जहर खा लिया। अधिकारियों ने तत्काल रेनू को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पता चला कि उसने सल्फास खाया है। डॉक्टरों ने बताया की उसकी हालत गंभीर है।
ससुराल वालों को ठहराया जिम्मेदार
महिला ने जहर खाने के पीछे अपने ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। रेनू ने प्रार्थना-पत्र में कहा कि उसके जेठ ओमप्रकाश यादव, विजय यादव और धर्मेंद्र यादव ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। इसके बाद से वे लोग उसे घर में घुसने नहीं दे रहे हैं। इसी से परेशान होकर उसने जहर खाया है।
डीएम बोले- पूरे प्रकरण की कराई जा रही जांच
डीएम विजय किरन आनंद ने बताया कि मामला पता चला है। फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर महिला ने अपने ससुराल वालों से परेशान होकर जहर खाया है। अगर इस मामले में पुलिस या किसी भी संबंधित की लापरवाही सामने आई, तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इंस्पेक्टर कैंट शशिभूषण राय ने बताया कि शाहपुर की एक महिला का जमीनी विवाद था। उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.