खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष में रुचि रखने वालों के लिए मंगलवार का दिन बेहद खास रहा। क्योंकि आसमान में एक दुर्लभ नजारा दिखा। शाम होते ही आसमान में एक साथ 5 ग्रहों की परेड हुई। अंतरिक्ष में एक साथ 5 ग्रह एक सीध में नजर आए। जिसे गोरखपुर समेत पूरे देश के लोगों ने अपनी साधारण आंखों से देखा।
शाम को 7.30 बजे के बाद करीब आधे घंटे तक मंगल (मार्स), बुध (मर्करी), बृहस्पति (जुपिटर), शुक्र (वीनस) और अरुण (यूरेनस) पश्चिम में क्षितिज में चांद के पास दिखाई दिए। क्षितिज वो जगह होती है जहां देखने पर लगता है कि धरती और आसमान एक-दूसरे में मिल रहे हैं। खगोल विज्ञान में इस घटना को प्लैनेट परेड या प्लेनेट्स एलाइनमेंट भी कहा जाता है। जोकि एक दुर्लभ संयोग होता है। इसे पिछली बार 24 जून 2022 को देखा गया था और अब अगली बार आप इसे 8 सितंबर 2024 को देख पाएंगे।
सूर्यास्त होते ही दिखने लगे ग्रह
सबसे पहले पश्चिम दिशा में बुध ग्रह और ब्रहस्पति ग्रह दिखा। इसके बाद शुक्र ग्रह और फिर अरुण ग्रह काफी नजदीक दिखा। इसके साथ ही आसमान में सीधे ऊपर की ओर अपनी चांदनी बिखेरते हुए चांद के पास मंगल ग्रह भी अपनी लालिमा के साथ बेहद खूबसूरत नजर आया। नक्षत्र शाला के खगोलविद अमर पाल सिंह ने ग्रहों की परेड के बारे में विस्तार से जानकारियां भी दी।
साथ ही ओरियन नक्षत्र और उसके तारों व मंदाकिनी को भी विशेष प्रकार की खगोलीय दूरबीनों के जरिए परिचय कराया। जिसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। यह एक ऐसा दुर्लभ संयोग रहा, जो की किसी को भी आश्चर्य में डाल सकता है।
दूरबीन से दिखा बेहतर नजारा
वहीं, खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले कुछ लोगों ने इस अभूत नजारे को खुली आंखों से देखा तो किसी ने दूरबीन से इसका दीदार किया। हालांकि, अरुण ग्रह को साधारण आंखों से देखना मुश्किल हुआ। यह बेहद छोटा नजर आ रहा था।
तारामंडल में किए गए थे खास इंतजाम
इस खगोलीय घटना को विशेष तौर से देखने के लिए गोरखपुर के तारामंडल में विशेष इंतजाम किए गए थे। वीर बहादुर सिंह नक्षत्र शाला में पहुंचकर लोगों ने इस घटना को विशेष प्रकार की खगोलीय दूरबीनों से भी देखा। यहां पहुंचे लोगों को तारामंडल के खगोलविद अमर पाल सिंह ने इससे जुड़ी जानकारियां भी दी। यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क की गई थी।
7:15 PM तक दिखा प्लैनेट परेड
यूं तो यह खगोलीय घटना ठीक सूर्यास्त के बाद से दिखनी शुरू हो गई। लेकिन, भारत में सूर्यास्त का समय शाम 06:36 PM बजे दिखाई दी। गोरखपुर में ग्रहों की यह खगोलीय घटना शाम 06:36 PM से 07:15 PM तक साफ तौर पर दिखाई दी।
सूर्यास्त के बाद नहीं दिखा बुध और बृहस्पति ग्रह
हालांकि, सूर्यास्त के साथ ही बुध ग्रह और बृहस्पति ग्रह दिखाई देना बंद हो गए। बुध ग्रह और बृहस्पति ग्रह को लगभग 6:36 मिनिट्स और अरुण ग्रह को 08:44 मिनिट्स और शुक्र ग्रह को 8:34 बजे तक देखा गया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.