गोरखपुर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। क्योंकि अब गोरखपुर में नगर निगम हाइटेक पेट्रोल पंप खोलने जा रहा है। नगर निगम का ये पहला पेट्रोल पंप होगा। जो 'PPP' मॉडल पर भारत पेट्रोलियम और नगर निगम के प्रयास से खुलने जा रहा है। इसके लिए नगर निगम ने जगह भी तलाश ली है। यह हाईटेक पेट्रोल पंप शहर के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस नगर, बिलंदपुर में खुलने जा रहा है। विभिन्न सुविधाओं से लैस इस पंप के लिए मैप भी तैयार कर लिया गया है।
भारत पेट्रोलियम को लीज पर जगह देगा निगम
बिलंदपुर में जिस जगह पर हाइटेक पेट्रोल पंप बनना है, वहां का सर्वे पूरा हो चुका है। बकायदा किस जगह पर क्या रहेगा, उसका भी मैप तैयार हो चुका है। खास बात यह है कि नगर निगम की इस पेट्रोल पंप में कोई लागत नहीं लगेगी। बल्कि निगम 30 साल के लिए भारत पेट्रोलियम को लीज पर जगह देगा। जिसका किराया निगम की झोली में आएगा।
मॉल के साथ हाइटेक सुविधाओं से होगा लैस
बिलंदपुर में 25,00 वर्ग मीटर एरिया में भव्य पेट्रोल पंप जल्द ही बनकर तैयार होगा। इस परियोजना के तहत पंप पर पेट्रोल, डीजल, CNG और इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन के साथ ही छोटा शापिंग मॉल भी भारत पेट्रोलियम स्थापित करेगा। हालांकि पेट्रोल पंप का संचालन नगर निगम करेगा।
निगम का बढ़ेगा मुनाफा
पेट्रोल पंप के संचालन से बिक्री पर अनुमानित मासिक राजस्व 10-15 लाख रुपए होगा। पेट्रोल पंप के संचालन के लिए नगर निगम की लगभग 30-40 लाख रुपया कार्यशील पूंजी शामिल रहेगी। नगर निगम को इससे प्रॉफिट 7-10 लाख रुपए मासिक लगभग 1.5 करोड़ सालाना रहने का अनुमान है। इसके साथ ही प्रापर्टी टैक्स का वहन भारत पेट्रोलियम ही करेगी।
सुभाषनगर में हैं 17 स्कूल
वहीं, जहां पर यह पेट्रोल पंप खुल रहा है, वो वार्ड नंबर 18 में आता है। इस वार्ड में 14 हजार से अधिक आबादी रहती है। वहीं, अगर वोटर की बात करें तो उनकी संख्या 7800 हैं। पार्षद प्रतिनिधि मोहन सिंह ने बताया कि बंधा किनारे का इलाक इधर दस साल में काफी डेवलप हुआ है। हाइटेक पेट्रोल पंप के खुलने से इस वार्ड के साथ ही आस-पास की करीब 50 हजार की आबादी को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस वार्ड में ही शहर के नामी 17 स्कूल भी हैं।
पंप पर मिलेंगी ये सुविधााएं
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि सुभाष नगर, बिलंदपुर में जगह चुन ली गई है। भारत पेट्रोलियम से टाइअप कर नगर निगम यहां पर हाइटेक पेट्रोल पंप खोलने जा रहा है। इसके लिए मैप भी तैयार कर लिया गया। जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा। इस पेट्रोल पंप पर शॉपिंग मॉल से लगाए अन्य सभी सुविधाएं भी होंगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.